साइबर ठगी से जुड़े एक मामले की जांच के दौरान मंगलवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो की टीम जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र पहुंची। जांच के क्रम में टीम राजदीप नामक युवक की तलाश में एक घर पर पहुंची, लेकिन दस्तावेजों और परिवार से मिली जानकारी की जांच के बाद स्पष्ट हुआ कि अधिकारी गलत पते पर पहुंच गए थे।
दस्तावेजों की जांच के बाद स्पष्ट हुई स्थिति
परिजनों ने सीबीआई अधिकारियों को आवश्यक दस्तावेज और पहचान संबंधी रिकॉर्ड उपलब्ध कराए। जांच के बाद अधिकारियों ने स्वीकार किया कि पता चिन्हित करने में त्रुटि हुई है और संबंधित व्यक्ति का इस पते से कोई संबंध नहीं है।इसके बाद सीबीआई टीम ने परिवार से अपनी गलती के लिए माफी मांगी और वहां से वापस लौट गई।
इलाके में चर्चा का विषय बनी कार्रवाई
सीबीआई टीम के पहुंचने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। कुछ समय तक इलाके में हलचल का माहौल रहा और एजेंसी की कार्रवाई स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही।
सीबीआई की ओर से नहीं आया आधिकारिक बयान
फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सीबीआई की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। एजेंसी साइबर ठगी से जुड़े मामले की जांच में जुटी हुई है।
