जमशेदपुर। शहर के डिमना डैम में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय युवक आयुष कुमार की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सोनारी कागलनगर निवासी आयुष कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया और पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
छोटे भाई के साथ घूमने गया था आयुष
जानकारी के अनुसार, आयुष कुमार शुक्रवार सुबह अपने छोटे भाई पीयूष के साथ डिमना डैम घूमने गया था। घूमने के दौरान दोनों भाई डैम में नहाने के लिए उतर गए। इसी बीच आयुष अचानक गहरे पानी में चला गया और संतुलन बिगड़ने से डूबने लगा।छोटे भाई ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। इसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
स्थानीय लोगों की मदद से निकाला गया शव
सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
निजी कंपनी में करता था नौकरी
बताया जा रहा है कि आयुष एक निजी कंपनी में कार्यरत था और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।पोस्टमार्टम हाउस में मां और छोटे भाई की चीख-पुकार ने मौजूद लोगों की आंखें नम कर दीं।
पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
बोड़ाम थाना पुलिस ने बताया कि मामले में यूडी केस दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।साथ ही पुलिस ने लोगों से अपील की है कि डैम, नदी और अन्य जलाशयों में नहाने के दौरान पूरी सावधानी बरतें तथा गहरे पानी में जाने से बचें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
