झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर जमशेदपुर में 19 जुलाई को भारी वाहनों की नो-एंट्री, ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव

जमशेदपुर। झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने 19 जुलाई (शनिवार) को शहर की यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया है। इस संबंध में पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), पूर्वी सिंहभूम की ओर से आदेश जारी किया गया है।

सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक

जारी आदेश के अनुसार, 19 जुलाई को सुबह 5:00 बजे से रात 11:00 बजे तक शहर में सभी प्रकार के भारी वाहनों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, बसों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है, ताकि परीक्षार्थियों और आम यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

परीक्षार्थियों को समय पर केंद्र पहुंचाने के लिए लिया गया निर्णय

यातायात पुलिस के अनुसार, परीक्षा के दौरान शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, जाम की स्थिति से बचने और अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।

व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश

जिला प्रशासन ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को आदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया है, ताकि आम नागरिकों और वाहन चालकों को समय रहते यातायात व्यवस्था में हुए बदलाव की जानकारी मिल सके।

नागरिकों से सहयोग की अपील

जिला प्रशासन ने वाहन चालकों और आम लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के दौरान जारी ट्रैफिक निर्देशों का पालन करें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, ताकि प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।

More From Author

जमशेदपुर में विश्व सर्प दिवस पर सर्प रक्षक टीम ने किया जागरूकता कार्यक्रम, कई विषैले और गैर-विषैले सांपों को जंगल में छोड़ा

कपाली में एक ही रात दो घरों में चोरी, नकदी और जेवरात लेकर फरार हुए चोर