जमशेदपुर में मानगो नगर निगम की कार्यशैली के खिलाफ जनता दल (यूनाइटेड) ने आंदोलन का ऐलान कर दिया है। शुक्रवार को बिष्टुपुर स्थित कार्यालय में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की उपस्थिति में जदयू कार्यकर्ताओं और मानगो जनसुविधा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 27 जुलाई को मानगो नगर निगम कार्यालय के समीप धरना देकर विकास योजनाओं में हो रही देरी, बदहाल सफाई व्यवस्था और जनहित के मुद्दों पर निगम की कथित उदासीनता का विरोध किया जाएगा। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि इसके बाद भी स्थिति नहीं सुधरी तो उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।
38 विकास योजनाएं अब भी लंबित, करोड़ों रुपये की परियोजनाएं अधर में
बैठक में बताया गया कि मानगो नगर निगम क्षेत्र में करीब 12.13 करोड़ रुपये की लागत वाली 38 विकास योजनाओं का क्रियान्वयन अब तक लंबित है।इनमें 3.53 करोड़ रुपये की लागत वाली 32 योजनाओं का शिलान्यास 29 दिसंबर 2025 को हुआ था।6.73 करोड़ रुपये की लागत वाली दो प्रमुख सड़क योजनाओं का शिलान्यास 14 अप्रैल 2026 को किया गया।2.44 करोड़ रुपये की लागत से चार बड़े नालों के निर्माण एवं जीर्णोद्धार के लिए 20 अप्रैल 2026 को निविदा प्रकाशित की गई।बैठक में आरोप लगाया गया कि निविदा प्रक्रिया पूरी होने और संवेदकों की नियुक्ति के बावजूद अब तक किसी भी योजना पर कार्य शुरू नहीं किया गया।
बारिश में जलभराव से परेशान लोगों को नहीं मिली राहत
जदयू नेताओं ने कहा कि देशबंधु लाइन, नित्यानंद कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में हर वर्ष बारिश के दौरान गंभीर जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होती है। बताया गया कि पिछले वर्ष स्थानीय लोगों की मांग पर विधायक सरयू राय स्वयं क्षेत्र का निरीक्षण कर नगर विकास विभाग को चार बड़े नालों के निर्माण की अनुशंसा भेजी थी।उनके प्रयास से 2.44 करोड़ रुपये की लागत वाली नाला निर्माण योजना को स्वीकृति मिली और निविदा भी जारी हुई, लेकिन बरसात से पहले कार्य पूरा करने का लक्ष्य पूरा नहीं हो सका। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
हर वार्ड में बनेगी जनसुविधा समिति
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक सरयू राय ने कहा कि मानगो क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में दो-दो लोगों की समितियां गठित की जाएंगी। ये समितियां स्थानीय समस्याओं की निगरानी करेंगी और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय बनाएंगी।उन्होंने यह भी कहा कि जदयू कार्यकर्ता और जनसुविधा समिति संयुक्त रूप से बड़े नालों की सफाई और उनकी वास्तविक स्थिति का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार करेंगे।
पुलिस कार्रवाई नहीं होने पर भी जताया रोष
बैठक में कार्यकर्ताओं ने नगर निगम चुनाव के बाद क्षेत्र में कथित रूप से बढ़े असामाजिक तत्वों के प्रभाव और बढ़ते अपराध पर चिंता जताई। साथ ही विधायक सरयू राय के बयान को कथित रूप से गलत तरीके से प्रस्तुत कर उनके पुतला दहन की घटना की निंदा की गई।कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस मामले में उलीडीह थाना में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी आंदोलन किया जाएगा।
