जमशेदपुर: सीआईएससीई ज़ोनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 का शुभारंभ, 26 स्कूलों के 230 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

जमशेदपुर: मानगो स्थित विवेकानंद इंटरनेशनल स्कूल में दो दिवसीय सीआईएससीई ज़ोनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में ज़ोन के 26 आईसीएसई स्कूलों के 230 खिलाड़ी विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। पहले दिन खिलाड़ियों ने अनुशासन, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया।

ओलंपियन हरभजन सिंह ने किया उद्घाटन

चैंपियनशिप के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि ओलंपियन एवं पूर्वी सिंहभूम जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष तथा झारखंड ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष हरभजन सिंह रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त आधार है।

प्रतियोगिता से खिलाड़ियों को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर

विशिष्ट अतिथि झारखंड ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष, पूर्वी सिंहभूम जिला ताइक्वांडो संघ के महासचिव, कोल्हान सबडिवीजन के तकनीकी निदेशक एवं प्रतियोगिता के मुख्य चयनकर्ता गोपाल कुमार ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और उच्च स्तर तक पहुंचने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं।

खेल के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में आज़ादनगर थाना शांति समिति के सचिव मुख्तार आलम खान भी मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल के साथ-साथ अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी सजग रहने की अपील की।

प्राचार्या ने खिलाड़ियों का किया स्वागत

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्राचार्या डॉ. निधि श्रीवास्तव के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने सभी अतिथियों, कोचों, निर्णायकों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए खिलाड़ियों से ईमानदारी, समर्पण और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया।

दूसरे दिन होंगे फाइनल मुकाबले

प्रतियोगिता के मुकाबले दूसरे दिन भी जारी रहेंगे। समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को पदक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। विद्यालय प्रबंधन ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अधिकारियों, कोचों, निर्णायकों तथा विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

More From Author

जेपीएससी ने 14वीं संयुक्त सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2025 स्थगित की, अगली सूचना तक टली परीक्षा