जमशेदपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महानगर इकाई ने मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में देशभर में चलाए जाने वाले “समरसता संकल्प अभियान” की जानकारी दी। साकची स्थित जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने बताया कि यह अभियान 29 जुलाई 2026 (आषाढ़ पूर्णिमा) से शुरू होकर 20 फरवरी 2027 (माघ पूर्णिमा) तक राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला, मंडल और ग्राम स्तर पर संचालित किया जाएगा।
समता और सामाजिक समरसता का संदेश पहुंचाना उद्देश्य
पूर्णिमा साहू ने कहा कि अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज के समता, सामाजिक न्याय, मानवता, सेवा, सद्भाव और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा विकसित भारत के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करना है।उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास किसी एक समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के महान संत थे। उनका “बेगमपुरा” का दर्शन ऐसे समाज की कल्पना करता है, जहां किसी प्रकार का भेदभाव, अन्याय और शोषण न हो तथा प्रत्येक व्यक्ति सम्मानपूर्वक जीवन जी सके।
29 जुलाई को होगा ‘समरसता दीप महोत्सव’
अभियान के शुभारंभ के अवसर पर 29 जुलाई की शाम जमशेदपुर सहित राज्य और देशभर के मंदिरों में “समरसता दीप महोत्सव” का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलित कर सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाएगा।
कलश वंदन अभियान और समरसता यात्रा भी होगी
भाजपा ने बताया कि “कलश वंदन अभियान” के तहत वाराणसी स्थित सीर गोवर्धनपुर में संत गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी से भरे कलश देशभर के राज्यों, जिलों और मंडलों तक पहुंचाए जाएंगे।इसके अलावा 5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक डेरा सचखंड बल्लां (जालंधर) से वाराणसी तक “संत गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा” निकाली जाएगी। अभियान के दौरान संत संपर्क अभियान, छात्रावास संपर्क अभियान, समरसता संवाद, भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न जनजागरण गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा।
‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना से जुड़ा अभियान: संजीव सिन्हा
भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के संकल्प का मूल आधार संत गुरु रविदास महाराज के विचार हैं।उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सामाजिक न्याय, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के निर्माण का व्यापक जनआंदोलन है।
31 अगस्त तक चलेगा संत संपर्क अभियान
संजीव सिन्हा ने बताया कि 29 जुलाई से 31 अगस्त तक “संत संपर्क अभियान” चलाया जाएगा। इसके तहत भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता संत गुरु रविदास परंपरा से जुड़े संत-महात्माओं सहित विभिन्न धार्मिक परंपराओं के पूज्य संतों से मुलाकात कर उनका सम्मान करेंगे और सामाजिक समरसता का संदेश देंगे।उन्होंने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिला एवं मंडल स्तर पर आयोजन समितियों का गठन किया जा रहा है। साथ ही समाज के सभी वर्गों, संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों, मंदिर समितियों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
