जमशेदपुर: बंगाल बॉर्डर पर ‘डंडा टैक्स’ और अनुचित वसूली के खिलाफ ट्रांसपोर्टरों का मोर्चा; पश्चिम बंगाल के मंत्री अर्जुन सिंह को सौंपा ज्ञापन

जमशेदपुर:जमशेदपुर के भारी वाहन मालिकों और ट्रांसपोर्टरों को पश्चिम बंगाल सीमा पर हो रही व्यावहारिक परेशानियों से राहत दिलाने के उद्देश्य से जमशेदपुर ट्रक एवं ट्रेलर ओनर्स एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल कोलकाता पहुंचा। प्रतिनिधियों ने कोलकाता स्थित ‘परिवहन भवन’ में पश्चिम बंगाल सरकार के परिवहन एवं श्रम विभाग के कैबिनेट मंत्री अर्जुन सिंह से मुलाकात की और बॉर्डर चेकपोस्ट पर हो रही अनुचित वसूली तथा ‘डंडा टैक्स’ को अविलंब बंद करने की मांग को लेकर एक विस्तृत मांग पत्र (ज्ञापन) सौंपा।इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान पश्चिम बंगाल के परिवहन विभाग के प्रधान सचिव डॉ. रवि इंदर सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

अतिरिक्त टैक्स और कांटा के नाम पर वसूली से हलकान हैं वाहन मालिक

प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री अर्जुन सिंह को अवगत कराया कि पश्चिम बंगाल सीमा (बॉर्डर चेकपोस्ट) में प्रवेश करते ही झारखंड और अन्य राज्यों के ट्रक व ट्रेलर चालकों से कई प्रकार के ऐसे शुल्क वसूले जा रहे हैं, जो देश के किसी अन्य राज्य में लागू नहीं हैं।प्रति वाहन ₹11,000 प्रति वर्ष का अनुचित अतिरिक्त टैक्स वसूला जा रहा है।प्रति माह ₹1,200 का मैकेनिकल टैक्स थोपा गया है।वाहन के वजन की जांच के नाम पर प्रति ट्रिप (हर फेरे में) ₹238 वसूले जा रहे हैं। बॉर्डर चेकपोस्ट पर ट्रांसपोर्टरों और चालकों से अनुचित शुल्क व अवैध वसूली (‘डंडा टैक्स’) की जा रही है, जिससे व्यापार पर बेहद प्रतिकूल असर पड़ रहा है।एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि पूरे भारत में कहीं भी इस तरह के नियम और अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं डाला जाता है, जिससे अंतरराज्यीय परिवहन उद्योग बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

मंत्री अर्जुन सिंह और प्रधान सचिव ने दिया ठोस कार्रवाई का आश्वासन

जमशेदपुर के प्रतिनिधिमंडल की बातों और समस्याओं को कैबिनेट मंत्री अर्जुन सिंह तथा प्रधान सचिव डॉ. रवि इंदर सिंह ने काफी गंभीरता से सुना।मंत्री अर्जुन सिंह ने आश्वस्त किया कि वे सभी बिंदुओं का गहराई से अध्ययन कराएंगे और जल्द से जल्द कोई ठोस कदम उठाते हुए ट्रांसपोर्टरों व गाड़ी मालिकों को राहत देने का काम करेंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि बॉर्डर पर किसी भी प्रकार की अनियंत्रित वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रतिनिधिमंडल में ये रहे मुख्य रूप से उपस्थित

पश्चिम बंगाल के परिवहन मंत्री के साथ हुई इस उच्चस्तरीय बैठक में जमशेदपुर ट्रक एवं ट्रेलर ओनर्स एसोसिएशन की ओर सेजसवीर सिंह (अध्यक्ष),मनीष कुमार सिंह (महामंत्री),सतबीर सिंह “सोमू” (संरक्षक),विनीत जी (प्रतिनिधि) मुख्य रूप से शामिल रहे।एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि मंत्री जी के आश्वासन के बाद जल्द ही बंगाल बॉर्डर पर अवैध वसूली और अनावश्यक टैक्स प्रणाली से राहत मिलेगी।

More From Author

आदित्यपुर की ग्लोरिया इंजीनियरिंग में सिलेंडर ब्लास्ट में घायल एक मजदूर की मौत, 6 का इलाज जारी

जमशेदपुर: जल्द नए हाईटेक भवन में शिफ्ट होगा एसएसपी कार्यालय; एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने अधिकारियों संग किया निरीक्षण