जमशेदपुर:जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम) जिला पुलिस प्रशासन का नया और अत्याधुनिक कार्यालय भवन अब पूरी तरह बनकर तैयार है। कार्यालय को नए भवन में स्थानांतरित करने की प्रशासनिक तैयारियों के बीच वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने नए एसएसपी कार्यालय भवन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सिटी एसपी ललित मीणा और एएसपी (प्रशिक्षु) ऋषभ त्रिवेदी के साथ पूरी तीन मंजिला इमारत के एक-एक कमरे और व्यवस्थाओं का बारकी से जायजा लिया।
पूर्व एसएसपी प्रभात कुमार के कार्यकाल में शुरू हुआ था प्रोजेक्ट
वर्तमान एसएसपी कार्यालय के ठीक सामने स्थित इस नए बहुमंजिला पुलिस प्रशासनिक परिसर का निर्माण तत्कालीन एसएसपी प्रभात कुमार के कार्यकाल में शुरू हुआ था। लगभग ₹9 करोड़ की अनुमानित लागत से निर्मित यह तीन मंजिला भवन काफी आकर्षक और आधुनिक कॉर्पोरेट लुक में तैयार किया गया है।भवन का सिविल निर्माण कार्य वर्ष 2025 में ही पूरा कर लिया गया था, जिसके बाद से इसके आंतरिक फिनिशिंग और प्रशासनिक शिफ्टिंग का इंतजार किया जा रहा था।
सीटी एसपी और एएसपी संग एसएसपी ने किया हर कमरे का निरीक्षण
गुरुवार को निरीक्षण के लिए पहुंचे एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने भवन के तीनों तलों पर बने कमरों, पुलिस अधिकारियों के चैंबरों, जनसुनवाई कक्ष और प्रशासनिक शाखाओं की स्थिति देखी। एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों, तकनीकी शाखाओं और आम जनता की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए कमरों के आवंटन और सुरक्षा व्यवस्था पर वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की। यद्यपि भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल (सभागार) और प्रमुख कार्यालयों में अभी कुछ फर्नीचर और डिजिटल सेटअप लगना शेष है, लेकिन एसएसपी के इस अचानक पहुंचे निरीक्षण से यह साफ संकेत मिल रहे हैं कि विभाग जल्द ही नए भवन में शिफ्टिंग की प्रक्रिया शुरू करेगा।
आम जनता को मिलेगी बेहतर और हाईटेक सुविधाएं
वर्तमान एसएसपी कार्यालय परिसर में जगह की कमी और पुराने ढांचे के कारण दूर-दराज से आने वाले फरियादियों और पुलिस कर्मियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था।नया तीन मंजिला भवन न केवल विशाल है, बल्कि इसमें आने वाले समय में एकीकृत कंट्रोल रूम, मीडिया सेल, महिला हेल्प डेस्क और फरियादियों के बैठने के लिए बेहतर बुनियादी ढांचा मिलेगा। नए एसएसपी कार्यालय में शिफ्टिंग होने से जमशेदपुर पुलिस की कार्यशैली और अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी होने की उम्मीद जताई जा रही है।
