सरायकेला-खरसावां: खरसावां थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले का सफल उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई नकदी सहित कई महत्वपूर्ण सामान बरामद किए हैं।
घर का ताला तोड़कर की गई थी चोरी
पुलिस के अनुसार, खरसावां थाना कांड संख्या 33/2026 दिनांक 31 जुलाई 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए), 331(1) एवं 331(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था। कपसाडीह (बड़ा खेड़ी) निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
विशेष टीम ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सरायकेला अंचल के पुलिस निरीक्षक राजेश दुबे के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एहसान हुसैन (21 वर्ष) और रहमत अली (21 वर्ष)के रूप में हुई है। दोनों आरोपी कपसाडीह, थाना खरसावां, जिला सरायकेला-खरसावां के निवासी हैं।
आरोपियों के पास से ये सामान बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से ₹7,000 नकद,बैंक ऑफ इंडिया का चेकबुक,आधार कार्ड और चोरी में प्रयुक्त रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है।
इन अधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका
इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक राजेश दुबे, थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह, एसआई कुंवर सोरेन, एसआई हेमंत प्रसाद सिंह, हवलदार अर्जुन कुमार तथा आरक्षी समातान महतो शामिल रहे।
न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी
पुलिस ने बताया कि दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आगे की कार्रवाई के लिए न्यायालय भेज दिया गया है। मामले में पुलिस आगे की जांच भी कर रही है।
