जमशेदपुर: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की पूर्वी सिंहभूम जिला समिति ने पद्मभूषण एवं दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है। इसे लेकर शनिवार को जिला समिति की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा की गई।
डिमना चौक से चकूलिया तक निकलेगी 80 किलोमीटर लंबी रथ यात्रा
झामुमो नेताओं ने बताया कि गुरुजी की स्मृति में करीब 80 किलोमीटर लंबी श्रद्धांजलि रथ यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा डिमना चौक से शुरू होकर चकूलिया चौक तक पहुंचेगी। यात्रा के दौरान नारगा, घाटशिला, धालभूमगढ़ और चकूलिया समेत कई प्रमुख स्थानों पर रथ का पड़ाव होगा।
हर पड़ाव पर श्रद्धांजलि और आंदोलनकारियों का होगा सम्मान
रथ यात्रा के दौरान प्रत्येक पड़ाव पर स्थानीय ग्रामीणों एवं आम नागरिकों की उपस्थिति में दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे। साथ ही झारखंड आंदोलन में गुरुजी के साथ सक्रिय भूमिका निभाने वाले वरिष्ठ आंदोलनकारियों और पुराने साथियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
नई पीढ़ी तक पहुंचाए जाएंगे गुरुजी के विचार
झामुमो नेताओं ने बताया कि इस यात्रा में पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। यात्रा का उद्देश्य केवल श्रद्धांजलि अर्पित करना नहीं, बल्कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संघर्ष, विचारों, आदर्शों और झारखंड राज्य के निर्माण में उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी है।
झामुमो ने जनता और कार्यकर्ताओं से की भागीदारी की अपील
जिला समिति ने पार्टी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि यह श्रद्धांजलि रथ यात्रा गुरुजी के सपनों के झारखंड के निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश भी देगी।
