जमशेदपुर। पत्रकारों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य को लेकर प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। क्लब ने अपने सदस्यों एवं उनके आश्रितों के लिए निःशुल्क चिकित्सीय सुविधा की शुरुआत की है। इसके तहत सदस्यों को संबंधित चिकित्सकों की ओपीडी सेवा निःशुल्क मिलेगी, जबकि विभिन्न जांच एवं उपचार में निर्धारित छूट का लाभ भी मिलेगा। इस सुविधा के लिए अब तक 13 चिकित्सकों ने अपनी सहमति प्रदान की है।शनिवार को बिष्टुपुर स्थित निर्मल गेस्ट हाउस सभागार में आयोजित मेडिकल बुक विमोचन सह वितरण समारोह में चिकित्सकों एवं प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से मेडिकल बुक का विमोचन किया। कार्यक्रम में डॉ. आर. कुमार, डॉ. राजीव ठाकुर, डॉ. केतन वर्मा, डॉ. आर.के. सिंह, प्रेस क्लब अध्यक्ष संजीव भारद्वाज, पूर्व अध्यक्ष ब्रजेश सिंह, महासचिव विकास श्रीवास्तव एवं सह सचिव अमित तिवारी मौजूद रहे।
13 चिकित्सकों ने दी सहमति
प्रेस क्लब के महासचिव विकास श्रीवास्तव ने बताया कि मेडिकल बुक क्लब के सदस्यों एवं उनके आश्रितों के लिए चिकित्सीय सुविधा प्राप्त करने का माध्यम होगी। इसके माध्यम से संबंधित चिकित्सकों की ओपीडी सेवा निःशुल्क प्राप्त की जा सकेगी। साथ ही जांच एवं उपचार में भी संबंधित चिकित्सकों द्वारा निर्धारित छूट का लाभ दिया जाएगा।उन्होंने बताया कि वर्तमान में 13 चिकित्सकों ने क्लब के साथ इस सेवा से जुड़ने की सहमति दी है। आने वाले समय में चिकित्सकों एवं चिकित्सा संस्थानों की संख्या बढ़ाने की दिशा में भी प्रयास किया जाएगा।
जांच और फिजियोथैरेपी में भी छूट
चिकित्सीय सुविधा के साथ जांच एवं फिजियोथैरेपी को भी जोड़ा गया है। साकची स्थित ट्रू केयर, फर्स्ट स्टेप फिजियोथैरेपी तथा मानगो स्थित आर.के. फिजियोथैरेपी ने भी प्रेस क्लब के सदस्यों एवं उनके आश्रितों को निर्धारित छूट दर पर सेवा उपलब्ध कराने की सहमति दी है।
अस्पतालों को जोड़ने की पहल हो : डॉ. आर. कुमार
कार्यक्रम में डॉ. राजीव ठाकुर ने प्रेस क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह एक अच्छी और आवश्यक शुरुआत है। उन्होंने चिकित्सीय सुविधा को भविष्य में और व्यापक बनाने का सुझाव दिया।डॉ. आर. कुमार ने कहा कि इस सुविधा को अस्पतालों से भी जोड़ने की दिशा में पहल की जानी चाहिए, ताकि जरूरत पड़ने पर क्लब के सदस्यों एवं उनके परिवारों को व्यापक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।डॉ. केतन वर्मा एवं डॉ. आर.के. सिंह ने भी प्रेस क्लब की पहल की सराहना करते हुए इसे मजबूत बनाने में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
‘अभी शुरुआत है, आगे और विस्तार होगा’
प्रेस क्लब अध्यक्ष संजीव भारद्वाज ने कहा कि जमशेदपुर प्रेस क्लब अपने सदस्यों एवं उनके आश्रितों के लिए विधिवत चिकित्सीय सुविधा शुरू करने वाला पहला प्रेस क्लब है। उन्होंने कहा कि यह अभी शुरुआत है। भविष्य में इस सुविधा का विस्तार करते हुए अधिक चिकित्सकों, अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों को इससे जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।उन्होंने कहा कि पत्रकार लगातार अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं को सामने लाते हैं। ऐसे में क्लब की जिम्मेदारी है कि अपने सदस्यों के कल्याण और उनके परिवारों की जरूरतों का भी ध्यान रखे।
वरिष्ठ सदस्य को प्रदान की गई पहली मेडिकल बुक
कार्यक्रम के अंत में प्रेस क्लब अध्यक्ष संजीव भारद्वाज ने क्लब के वरिष्ठ सदस्य जयनंदन शर्मा को मेडिकल बुक प्रदान कर इसके वितरण की विधिवत शुरुआत की।धन्यवाद ज्ञापन करते हुए प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष ब्रजेश सिंह ने क्लब की इस पहल की सराहना की। उन्होंने चिकित्सीय सेवा के लिए सहमति देने वाले सभी चिकित्सकों एवं चिकित्सा संस्थानों के प्रति आभार जताया।कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार कुलविंदर सिंह, प्रमोद झा, अरविंद श्रीवास्तव, चंद्रशेखर, मनीष सिन्हा, आकाश, सानू, अजित, तारकेश्वर सहित प्रेस क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
