जमशेदपुर में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री का खुलासा, 36 पुड़ियों में 2.5 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद; दो गिरफ्तार

जमशेदपुर: ओलीडीह ओपी क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 2.5 ग्राम ब्राउन शुगर, जिसे 36 छोटी पुड़ियों में पैक किया गया था, बरामद किया है। इसके अलावा एक एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

जर्जर मकान में चल रही थी ब्राउन शुगर की बिक्री

पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि वसुंधरा स्टेट मैदान के आसपास स्थित एक जर्जर मकान में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के आदेश पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक पटमदा के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने वसुंधरा स्टेट के पास स्थित जर्जर मकान में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक युवक को कथित तौर पर ब्राउन शुगर की बिक्री करते हुए पकड़ा गया।

36 छोटी पुड़ियों में पैक था 2.5 ग्राम ब्राउन शुगर

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से कागज की पुड़ियों में छिपाकर रखा गया कुल 2.5 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक नशीले पदार्थ को बिक्री के लिए 36 छोटी पुड़ियों में पैक किया गया था।पुलिस ने मौके से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। बरामद सामान को जब्त कर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

पूछताछ के बाद दूसरे आरोपी तक पहुंची पुलिस

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुजल कुमार, पिता राजन प्रसाद, निवासी ओल्ड सुभाष कॉलोनी, ओलीडीह ओपी क्षेत्र के रूप में हुई है।पुलिस पूछताछ में सुजल कुमार ने कथित तौर पर बताया कि वह राहुल कुमार साहू के कहने पर उक्त स्थान पर ब्राउन शुगर की बिक्री कर रहा था। उसने पुलिस को यह भी बताया कि बिक्री के लिए ब्राउन शुगर उसे राहुल कुमार साहू ने उपलब्ध कराया था।इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राहुल कुमार साहू, पिता स्व. सुरेश साहू, निवासी रिपीट कॉलोनी, वसुंधरा स्टेट, शिव मंदिर के पास, ओलीडीह ओपी क्षेत्र को भी गिरफ्तार कर लिया।

ब्राउन शुगर सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने मामले में ओलीडीह ओपी में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को ब्राउन शुगर कहां से उपलब्ध होता था और इसके पीछे किसी बड़े सप्लाई नेटवर्क की भूमिका है या नहीं।जांच के दौरान पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका का भी पता लगाने का प्रयास कर रही है।

More From Author

ओएनटीएचएचपीसी के 9 उम्मीदवारों के दम पर ओडिशा ने जूनियर हॉकी नेशनल चैंपियनशिप जीती, कप्तान दीपक प्रधान बने मैच के मैन

सरायकेला के कुचाई जंगल में एसएसबी-पुलिस का सर्च ऑपरेशन, हथियारों का जखीरा बरामद