जमशेदपुर: विशेष गहन पुनरीक्षण (2026) के तहत 44-बहरागोड़ा और 45-घाटशिला (अ.ज.जा.) विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम साकची स्थित रवींद्र भवन ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन शामिल हुए और अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
4 सितंबर तक दर्ज करा सकते हैं दावा और आपत्ति
प्रशिक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह ने एसआईआर -2026 की समय-सारिणी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 5 अगस्त 2026 से 4 सितंबर 2026 तक मतदाता सूची से संबंधित दावा एवं आपत्ति दर्ज करने की अवधि निर्धारित की गई है।वहीं, 5 अगस्त 2026 से 3 अक्टूबर 2026 तक नोटिस चरण के तहत प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के निष्पादन की प्रक्रिया चलेगी।
बीएलओ को हर घर तक पहुंचने का निर्देश
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने बीएलओ को अपने मतदान क्षेत्र का नजरी नक्शा तैयार करने और उसी के आधार पर क्षेत्र भ्रमण करने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि फैमिली ग्रुपिंग के माध्यम से परिवारवार विवरण व्यवस्थित रूप से संधारित किया जाए। साथ ही प्रत्येक मकान का वास्तविक अथवा काल्पनिक मकान नंबर दर्ज किया जाए, ताकि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में जोड़ने पर जोर
क्षेत्र भ्रमण के दौरान प्रत्येक घर और परिवार तक पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने बी.एल.ओ.को पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने तथा दावा-आपत्ति की प्रक्रिया में लोगों को आवश्यक सहयोग देने को कहा।जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि एसआईआर-2026 के तहत क्षेत्रीय स्तर पर होने वाले कार्यों को गंभीरता और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरा किया जाए।
बी.एल.ओ. पर्यवेक्षकों को नियमित निगरानी के निर्देश
प्रशिक्षण के दौरान बी.एल.ओ. पर्यवेक्षकों को भी विशेष निर्देश दिए गए। उन्हें अपने अधीनस्थ बी.एल.ओ.के कार्यों की नियमित निगरानी करने और आवश्यकता के अनुसार मार्गदर्शन उपलब्ध कराने को कहा गया।प्रशिक्षण में एसआईआर-2026 की निर्धारित गतिविधियों, क्षेत्र भ्रमण, परिवारवार विवरण के संधारण और दावा-आपत्ति के निपटारे की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
जिला प्रशासन की मतदाताओं से अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने और परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जांच लें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है या किसी विवरण में त्रुटि है, तो निर्धारित अवधि के भीतर दावा अथवा आपत्ति प्रस्तुत करें।प्रशासन ने नागरिकों से एसआईआर-2026 की प्रक्रिया में सहयोग करने और मतदाता सूची को सही एवं अद्यतन बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।
