सरायकेला: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह की तैयारियां सरायकेला-खरसावां जिले में अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को सरायकेला स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए फुल ड्रेस परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।समारोह की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वगिंयारी ने संयुक्त रूप से परेड का निरीक्षण किया और राष्ट्रध्वज को सलामी दी।
डीसी ने तैयारियों को समय पर पूरा करने का दिया निर्देश
परेड के निरीक्षण के बाद उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को सौहार्दपूर्ण, गरिमापूर्ण और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराया जाना है।उन्होंने मौसम की संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को आवश्यक एहतियाती और अतिरिक्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।डीसी ने विशेष रूप से मैदान के समतलीकरण, वाटरप्रूफ स्टॉल के निर्माण और सुचारू वाहन पार्किंग समेत अन्य सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया।
एसपी ने जवानों और स्कूली बच्चों की सराहना की
पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वगिंयारी ने फुल ड्रेस परेड में शामिल सुरक्षा बलों और स्कूली बच्चों के प्रदर्शन की सराहना की।उन्होंने परेड को अनुशासित और बेहतर तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने सभी जवानों और प्रतिभागियों से कदम से कदम मिलाकर पूरे उत्साह, अनुशासन और गरिमा के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह को सफल बनाने की अपील की।
इन टुकड़ियों ने लिया परेड में हिस्सा
फुल ड्रेस परेड में जिला सशस्त्र बल, सीआरपीएफ, गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) और एनएपी की टुकड़ियों ने हिस्सा लिया।इसके अलावा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सरायकेला की छात्राओं ने भी परेड में कदमताल किया।
कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं का बैंड बना आकर्षण
इस वर्ष फुल ड्रेस परेड में बैंड दल भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सरायकेला और राजनगर की किशोरियों ने शानदार बैंड प्रस्तुति दी।उनकी प्रस्तुति ने पूर्वाभ्यास के दौरान मौजूद अधिकारियों और अन्य लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कई अधिकारी रहे मौजूद
पूर्वाभ्यास के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, जिला खेल पदाधिकारी-सह-नजारत उप समाहर्ता अमित कुमार, स्थानीय थाना प्रभारी समेत जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और मौसम को ध्यान में रखते हुए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
