धनबाद। धनबाद में कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के गुर्गों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के कुड़मीडीह कृषि बाजार समिति के पीछे हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो अपराधियों के पैर में गोली लगी। वहीं, उनका एक साथी मौके से फरार हो गया। घटना के दौरान पुलिस की गाड़ी पर भी गोली लगने की सूचना है।


बाइक से जा रहे थे तीन अपराधी
पुलिस के अनुसार, दोनों अपराधी बाइक संख्या JH 10 DK 7487 पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस को उनकी गतिविधियों की जानकारी मिली। पुलिस का दावा है कि अपराधी फोन पर प्रिंस खान के भाई गोपी खान से बातचीत कर रहे थे।पुलिस टीम ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो अपराधियों के पैर में गोली लगी।
इरफान अंसारी और नन्हें अंसारी घायल
मुठभेड़ में घायल अपराधियों की पहचान इरफान अंसारी और नन्हें अंसारी के रूप में हुई है। दोनों को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल भेजा है। वहीं, उनका एक साथी मौका पाकर फरार हो गया।पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
लेवी वसूलने जा रहे थे अपराधी: एसएसपी
धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि दोनों अपराधी किसी व्यक्ति से लेवी वसूलने के लिए जा रहे थे। हालांकि, वे किस व्यक्ति से लेवी लेने जा रहे थे, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।पुलिस अब इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि लेवी वसूली के पीछे कौन लोग शामिल थे और अपराधियों को किस स्तर से निर्देश मिल रहे थे।
फरार आरोपी की तलाश, नेटवर्क की भी जांच
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में छानबीन तेज कर दी है। फरार अपराधी की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में अभियान चलाया जा रहा है।इसके साथ ही पुलिस घायल दोनों आरोपियों के संपर्कों, मोबाइल कनेक्शन और कथित आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
