रांची: हेमंत सोरेन कैबिनेट का बड़ा फैसला- जेएसएससी सीजीएल परीक्षा रद्द, एक गुट ने खत्म किया आंदोलन तो सीबीआई जांच की मांग पर अड़े दूसरे छात्र

रांची। झारखंड में जेएसएससी सीजीएल परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर 24 दिनों से चल रहे छात्रों के आंदोलन के बीच सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट भवन में झारखंड मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में लंबे समय से विवादों में रही झारखंड कर्मचारी चयन आयोग संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया गया।कैबिनेट से सहमति मिलने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खुद इसकी आधिकारिक घोषणा की। सरकार ने इसके साथ ही टीडीपीएल के माध्यम से कराई गई सभी भर्तियों को भी रद्द करने का निर्णय लिया है।

आंदोलनकारी छात्रों की बड़ी मांग हुई पूरी

जेएसएससी सीजीएल परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर अभ्यर्थी लंबे समय से आंदोलन कर रहे थे। सरकार के इस फैसले को आंदोलनरत छात्रों के लिए बड़ी राहत और उनकी लंबी लड़ाई की बड़ी जीत के तौर पर देखा जा रहा है।कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने पत्रकारों को सरकार के फैसलों की जानकारी दी। परीक्षा रद्द होने की घोषणा के बाद आंदोलन कर रहे छात्रों में भी प्रतिक्रिया देखने को मिली।

छात्रों के एक गुट ने आंदोलन खत्म करने का किया ऐलान

सरकार के फैसले के बाद रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन कर रहे छात्रों के एक वर्ग ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा कर दी। छात्रों ने परीक्षा रद्द करने के फैसले के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को धन्यवाद दिया और इसे “बड़ी लड़ाई में जीत” बताया।हालांकि, छात्रों का आंदोलन पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है।

सीबीआई जांच की मांग पर अड़ा छात्रों का दूसरा गुट

आंदोलन कर रहे छात्रों का एक वर्ग अब भी जेएसएससी सीजीएल मामले की सीबीआई जांच की मांग पर अड़ा हुआ है। छात्रों का कहना है कि परीक्षा रद्द करने की उनकी एक प्रमुख मांग सरकार ने मान ली है, लेकिन परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच सीबीआई से कराने की मांग अभी पूरी नहीं हुई है।आंदोलन कर रहे छात्रों ने कहा कि परीक्षा रद्द होने से बड़ी लड़ाई में जीत मिली है और इसके लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद है, लेकिन जब तक सीबीआई जांच की मांग नहीं मानी जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

परीक्षा रद्द होने के बाद भी जारी रहेगा आंदोलन?

इस तरह जेएसएससी सीजीएल परीक्षा रद्द किए जाने के बाद छात्रों के आंदोलन का एक हिस्सा समाप्त हो गया है, जबकि दूसरा धड़ा सीबीआई जांच की अनुशंसा होने तक आंदोलन जारी रखने पर अड़ा हुआ है।अब सबकी नजर सरकार के अगले कदम पर है। सरकार सीबीआई जांच की मांग पर क्या निर्णय लेती है, इससे आंदोलन की आगे की दिशा तय होने की संभावना है।

More From Author

जमशेदपुर:सिदगोड़ा में दुर्गा पूजा की तैयारी शुरू, गंगा आरती की तर्ज पर बनेगा भव्य पंडाल