जमशेदपुर में शिक्षा व्यवस्था सुधारने की पहल, 6 सितंबर को होगा ‘शिक्षकों का सम्मान, शिक्षा का उत्थान’ सेमिनार

जमशेदपुर। झारखंड की शिक्षा व्यवस्था में मौजूद खामियों की पहचान कर उनके समाधान की दिशा में ठोस पहल करने के उद्देश्य से जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की पहल पर आगामी 6 सितंबर को माइकल जॉन ऑडिटोरियम में एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। सेमिनार का विषय ‘शिक्षकों का सम्मान, शिक्षा का उत्थान’ रखा गया है।इस सेमिनार में प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। साथ ही जमशेदपुर के निजी और सरकारी विद्यालयों तथा कॉलेजों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जा रहा है।

27 अगस्त को प्रधानाचार्यों की अहम बैठक

सेमिनार की तैयारी को लेकर 27 अगस्त को न्यू बाराद्वारी स्थित पीपुल्स एकेडमी में शहर के प्रधानाचार्यों की बैठक आयोजित की जाएगी। विधायक सरयू राय ने अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान कहा कि सभी प्रधानाचार्यों से अपने विद्यालय के एक योग्य शिक्षक का चयन कर उनका नाम देने का आग्रह किया जाएगा।चयनित शिक्षकों को 6 सितंबर को आयोजित सेमिनार के दौरान सम्मानित किया जाएगा।

स्कूल सर्वे से सामने आएंगी शिक्षा व्यवस्था की कमियां

विद्यालयों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए प्रधानाचार्यों को एक स्कूल सर्वेक्षण फॉर्म भी भेजा गया है। इसे भरकर उन्हें 27 अगस्त की बैठक में लाना होगा।सर्वे के माध्यम से विद्यालय भवन और आधारभूत संरचना की स्थिति,विद्यार्थियों की संख्या,,शिक्षकों की उपलब्धता,पठन-पाठन और शिक्षा की गुणवत्ता और प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों की बुनियादी जरूरतें जानकारी जुटाई जाएगी।

शिक्षा व्यवस्था से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे

सरयू राय ने कहा कि सर्वेक्षण से जहां-जहां कमियां सामने आएंगी, उन पर चर्चा कर समाधान की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रधानाचार्यों से सीधी बातचीत कर जमीनी स्थिति को समझने का भी प्रयास किया जाएगा।

प्रधानाचार्यों से बैठक में शामिल होने की अपील

विधायक सरयू राय ने 27 अगस्त की बैठक को महत्वपूर्ण बताते हुए शहर के सभी संबंधित प्रधानाचार्यों से अपराह्न 3 बजे तक पीपुल्स एकेडमी पहुंचकर बैठक में भाग लेने की अपील की है।

6 सितंबर को सेमिनार का पूरा कार्यक्रम का जाने विवरण

माइकल जॉन ऑडिटोरियम में 6 सितंबर को सुबह 9.30 बजे से प्रतिभागियों का पंजीकरण शुरू होगा।

उद्घाटन सत्र

समय: सुबह 10 बजे से 11 बजे तक

पहला सत्र: प्राथमिक शिक्षा

समय: सुबह 11.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक

इस सत्र में प्राथमिक विद्यालयों की स्थिति, आधारभूत संरचना और शिक्षा की गुणवत्ता जैसे विषयों पर चर्चा होगी।

दूसरा सत्र: माध्यमिक शिक्षा

समय: दोपहर 12.30 बजे से 1.30 बजे तक

माध्यमिक विद्यालयों से जुड़े मुद्दों और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के उपायों पर विचार किया जाएगा।

तीसरा सत्र: उच्च एवं तकनीकी शिक्षा

समय: दोपहर 2.30 बजे से 3.30 बजे तक

इस सत्र में उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा से संबंधित चुनौतियों एवं संभावनाओं पर चर्चा होगी।

चौथा सत्र: छात्र आंदोलन के विभिन्न आयाम

समय: दोपहर 3.30 बजे से 4.30 बजे तक

अंतिम सत्र में छात्र आंदोलन के विभिन्न पहलुओं और शिक्षा जगत में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला जाएगा।

शिक्षा से जुड़े विषयों पर प्रस्तुत होंगे शोध पत्र

सेमिनार में शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर शोध पत्र भी प्रस्तुत किए जाएंगे। आयोजन के लिए जमशेदपुर के सभी निजी और सरकारी विद्यालयों तथा कॉलेजों को आमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं।

तैयारी बैठक में ये लोग रहे मौजूद

मंगलवार को आयोजित बैठक में सुबोध श्रीवास्तव, अशोक गोयल, आशुतोष राय, डॉ. अनीता शर्मा, चंद्रदीप पांडेय, एसपी सिंह, पवन सिंह, विकास सिंह, श्रीमन त्रिगुण, कृष्ण कुमार, नवनीत सिंह, आदित्य मुखर्जी और विनीत सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

More From Author

बारीडीह हाई स्कूल में नेत्र जांच शिविर, 125 विद्यार्थियों व शिक्षकों की हुई आंखों की जांच

जमशेदपुर: परसुडीह में जानलेवा मारपीट के दो मामलों में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार