Views: 1
चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनोज स्वर्गियारी चांडिल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने चांडिल दुर्गा मंदिर में मत्था टेककर क्षेत्र की शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना की। सार्वजनिक दुर्गापूजा सोलह आना कमेटी की ओर से एसपी को शॉल और चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
असम के बागरुंबा नृत्य से किया गया स्वागत
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने असम के पारंपरिक लोकनृत्य बागरुंबा की प्रस्तुति देकर एसपी का स्वागत किया। सांस्कृतिक प्रस्तुति ने कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना दिया।इस दौरान सार्वजनिक दुर्गापूजा सोलह आना कमेटी ने चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताई और एसपी से दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
दुर्गापूजा में सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क: एसपी
एसपी मनोज स्वर्गियारी ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की आपराधिक घटना होने पर इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के सवाल पर उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने इस दिशा में सफलता के लिए समाज के सभी वर्गों के सहयोग को जरूरी बताया।
आरओ शीतल पेय मशीन का उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान एसपी मनोज स्वर्गियारी ने चांडिल दुर्गापूजा मंदिर में नई शीतल पेय मशीन (आरओ) का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके साथ ही भोग वितरण की शुरुआत भी की गई। एसपी ने दानदाताओं को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया।इस मौके पर मुख्यालय डीएसपी दसरू बान सिंह और इंस्पेक्टर रवि कुमार सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित थे।
