जमशेदपुर। लौहनगरी जमशेदपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। सिदगोड़ा सूर्य मंदिर समिति की ओर से आगामी 2 से 4 सितंबर तक तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान शहर के सैकड़ों बच्चे राधा-कृष्ण का रूप धारण करेंगे, वहीं सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में भी बड़ी संख्या में प्रतिभागी अपनी प्रस्तुति देंगे।सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बुधवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोनों प्रतियोगिताओं में प्रथम तीन सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों को नकद राशि और पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा अन्य प्रतिभागियों को भी सांत्वना पुरस्कार दिया जाएगा।


2 सितंबर को राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता का ऑडिशन
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के तहत बाल राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता का ऑडिशन 2 सितंबर को शाम 5 बजे से आयोजित किया जाएगा।यह ऑडिशन सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में होगा। प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागी फाइनल राउंड में हिस्सा लेंगे।
3 सितंबर को होगा सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता का ऑडिशन
वहीं, सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता का ऑडिशन 3 सितंबर को शाम 5 बजे से बिरसा मुंडा टाउन हॉल में आयोजित किया जाएगा।दोनों प्रतियोगिताओं के ऑडिशन के बाद चयनित प्रतिभागियों को फाइनल में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
4 सितंबर को सूर्य मंदिर परिसर में होगा ग्रैंड फाइनल
महोत्सव के अंतिम दिन 4 सितंबर को शाम 5 बजे से सूर्य मंदिर परिसर में बाल राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता और सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता का फाइनल आयोजित किया जाएगा।ऑडिशन के माध्यम से चयनित प्रतिभागी फाइनल प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। आयोजन के दौरान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धार्मिक और सांस्कृतिक छटा भी देखने को मिलेगी।
रात 10 बजे से मनाई जाएगी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
सूर्य मंदिर समिति की ओर से 4 सितंबर की रात 10 बजे से सूर्य मंदिर परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालुओं के बीच धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल रहेगा।महोत्सव में सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू और संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह मुख्य रूप से शामिल रहेंगे।
29 अगस्त से मिलेंगे प्रतियोगिता के फॉर्म
जन्माष्टमी महोत्सव में आयोजित दोनों प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के इच्छुक प्रतिभागी 29 अगस्त से 2 सितंबर तक सूर्य मंदिर कार्यालय से आवेदन फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं।
फॉर्म लेने का समय:
सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक
शाम 4 बजे से रात 7 बजे तक
दोनों प्रतियोगिताओं के लिए फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 2 सितंबर को दोपहर 1 बजे तक निर्धारित की गई है।
राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता का शुल्क 50 रुपये
प्रतियोगिताओं के लिए अलग-अलग शुल्क निर्धारित किए गए हैं जिसमे बाल राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता: 50 रुपये,सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता: 200 रुपये है।
प्रतियोगिताओं की सफलता के लिए प्रभारी नियुक्त
सूर्य मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी प्रेम झा ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के विभिन्न कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए समिति ने प्रभारियों और सहयोगियों की जिम्मेदारी तय की है।
बाल राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता
इस प्रतियोगिता के प्रभारी गुंजन यादव बनाए गए हैं। उनके सहयोगियों में अखिलेश चौधरी, रूबी झा, बोलटू सरकार, मीरा झा, कृष्णमोहन सिंह, रंजीत सिंह और सीतारामडेरा मंडल के सदस्य शामिल हैं।
सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता
सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता के प्रभारी दिनेश कुमार होंगे। उनके सहयोगी के रूप में अमरजीत सिंह राजा, शैलेश गुप्ता, शशिकांत सिंह, कंचन दत्ता, बंटी अग्रवाल, पप्पू उपाध्याय और गोलमुरी मंडल के सदस्यों को जिम्मेदारी दी गई है।
बच्चों की प्रतिभा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का दिखेगा संगम
तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में धार्मिक आस्था के साथ बच्चों की प्रतिभा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी संगम देखने को मिलेगा। बाल राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता और सामूहिक नृत्य के माध्यम से शहर के प्रतिभागियों को अपनी कला प्रदर्शित करने का मंच मिलेगा।
