जमशेदपुर में 18 से 20 सितंबर तक श्री गौ कृपा कथा महोत्सव, ग्वाल संत श्री गोपालानंद सरस्वती करेंगे गौ-महिमा का वर्णन

जमशेदपुर: भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपरा में पूजनीय गौ माता की आध्यात्मिक, सामाजिक और सेवा परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जमशेदपुर में तीन दिवसीय ‘श्री गौ कृपा कथा महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा।यह महोत्सव 18, 19 और 20 सितंबर 2026 को प्रतिदिन शाम 4 बजे से 7 बजे तक बिष्टुपुर स्थित कुसुम कमानी ऑडिटोरियम, नरभेराम हंसराज इंग्लिश स्कूल में आयोजित होगा।इस आयोजन का संयुक्त रूप से ध्यान फाउंडेशन गौशाला, चाकुलिया, पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन और श्री गोपाल परिवार सेवा संघ द्वारा आयोजन किया जा रहा है।

व्यासपीठ पर विराजमान होंगे ‘ग्वाल संत श्री’ गोपालानंद सरस्वती

तीन दिवसीय कथा महोत्सव में व्यासपीठ पर परम पूज्य ग्वाल संतश्री गोपालाचार्य स्वामी गोपालानंद सरस्वती जी महाराज विराजमान होंगे। वे श्रद्धालुओं को गौ-महिमा, सनातन संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का श्रवण कराएंगे।स्वामी गोपालानंद सरस्वती जी महाराज पिछले 31 वर्षों से चल रही ‘गौ पर्यावरण एवं अध्यात्म चेतना पदयात्रा’ के प्रणेता हैं। बताया गया कि उनकी यात्रा का उद्देश्य देश के गांवों और शहरों तक गौ-संरक्षण, गौ-सेवा, पर्यावरण और अध्यात्म का संदेश पहुंचाना है।

गौ-सेवा और पर्यावरण संरक्षण को बनाया जीवन का ध्येय

राजस्थान की ऐतिहासिक भूमि हल्दीघाटी से प्रारंभ हुई इस पदयात्रा के माध्यम से वर्षों से गौवंश की सेवा और संरक्षण के साथ पर्यावरण संरक्षण तथा आध्यात्मिक चेतना का संदेश दिया जा रहा है।आयोजकों के अनुसार, स्वामी गोपालानंद सरस्वती जी महाराज के सान्निध्य में गौ-कृपा कथा, बेसहारा और घायल गौवंश की सेवा, गौशालाओं के संवर्धन तथा गौ-चिकित्सा जैसे सेवा कार्य किए जा रहे हैं।

भारतीय संस्कृति में गौ माता का विशेष महत्व: मंटू अग्रवाल

पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन के अध्यक्ष मंटू अग्रवाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता का स्थान अत्यंत पवित्र और पूजनीय माना गया है।उन्होंने कहा कि गौ माता का महत्व आध्यात्मिक दृष्टि के साथ सामाजिक, आर्थिक और पारंपरिक जीवन-पद्धति से भी जुड़ा रहा है। दूध, दही, घी, गोमूत्र और गोबर से संबंधित पंचगव्य की परंपरा भी सनातन संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है।

चाकुलिया की गौशाला में 25 हजार से अधिक गौवंश की सेवा का दावा

आयोजकों के अनुसार, ध्यान फाउंडेशन द्वारा पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया में संचालित गौशाला में 25 हजार से अधिक गौवंश की सेवा, सुरक्षा, चिकित्सा और देखभाल की जा रही है।तस्करी एवं अवैध वध से बचाए गए गौवंश को भी यहां आश्रय देने की बात कही गई है। इसके अलावा बीमार, घायल और असहाय गौवंश के उपचार और पालन-पोषण का कार्य भी किया जाता है।

पितृपक्ष के अवसर पर गौ-सेवा और सनातन संस्कृति का संदेश

कार्यक्रम संयोजक विजय आनंद मूनका ने बताया कि पितृपक्ष के पावन अवसर पर आयोजित इस कथा महोत्सव का उद्देश्य लोगों को गौ माता की महिमा से परिचित कराने के साथ समाज को गौ-सेवा के प्रति जागरूक करना है।तीन दिनों तक श्रद्धालुओं को कथा के माध्यम से सनातन संस्कृति, गौ-महिमा, सेवा, करुणा और आध्यात्मिक जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों के श्रवण का अवसर मिलेगा।

श्रद्धालुओं से सपरिवार पहुंचने की अपील

प्रेस प्रभारी कमल किशोर अग्रवाल ने जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों के गौ-भक्तों, धर्मप्रेमियों और श्रद्धालुओं से सपरिवार कथा महोत्सव में शामिल होने और गौ-सेवा के इस अभियान से जुड़ने की अपील की है।

आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां

इस पावन आयोजन को सफल बनाने के लिए आर. के. अग्रवाल के सान्निध्य और मार्गदर्शन में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।आयोजन में पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन के अध्यक्ष मंटू अग्रवाल, महासचिव बिमल बाकरेवाल, कोषाध्यक्ष राजेश गर्ग, झारखंड प्रादेशिक अग्रवाल सम्मेलन के प्रदेश अध्यक्ष संदीप मुरारका, प्रदेश महामंत्री अभिषेक अग्रवाल ‘गोल्डी’ सहित कई पदाधिकारी और आयोजन समिति के सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।कार्यक्रम संयोजक विजय आनंद मूनका के साथ कमल किशोर अग्रवाल, ओम प्रकाश रिंगसिया, राजेश पसारी, राजेश गढ़वाल, सुरेश शर्मा ‘लिपु’, धर्मेंद्र केजरीवाल, मनीषा संघी, कविता अग्रवाल, अंजू चेतानी, रोहित अग्रवाल, अजय कुमार भालोटिया, राहुल चौधरी, आकाश मोदी, अश्विनी अग्रवाल, प्रतीक अग्रवाल, अंशुल रिंगसिया, नवनीत चौधरी सहित आयोजन समिति के अन्य सदस्य विभिन्न व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।

More From Author

रक्षाबंधन पर बहनों से राखी बंधवाकर रघुवर दास ने लिया आशीर्वाद, बोले- महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण जरूरी

जमशेदपुर: सिदगोड़ा में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 40 वर्षीय महिला की मौत, पुलिस कर रही सीसीटीवी की जांच