जमशेदपुर: शुक्रवार को जमशेदपुर में भाई-बहन के पवित्र त्योहार रक्षाबंधन को हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर में सामाजिक सद्भाव और कौमी एकता की खूबसूरत झलक भी देखने को मिली।शहर के विभिन्न थाना प्रभारियों के साथ-साथ वरीय पुलिस अधीक्षक ने भी रक्षाबंधन के अवसर पर अपनी कलाई पर राखी बंधवाई। छात्राओं, महिलाओं, सामाजिक संस्थाओं, ब्रह्माकुमारीज, किन्नर समाज और महिला पुलिसकर्मियों ने पुलिस अधिकारियों को रक्षा सूत्र बांधकर उनके प्रति सम्मान और स्नेह व्यक्त किया।
छात्राओं ने एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारीब को बांधी राखी
रक्षाबंधन के अवसर पर बीते दिन छात्राओं ने वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारीब के कार्यालय पहुंचकर उनकी कलाई पर राखी बांधी।छात्राओं ने एसएसपी के प्रति सम्मान, आत्मीयता और स्नेह व्यक्त करते हुए समाज में सुरक्षा, शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।इस अवसर पर रक्षाबंधन के माध्यम से पुलिस और समाज के बीच विश्वास एवं सुरक्षा का संदेश भी दिया गया।
महिला संस्था की सदस्यों ने सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज अहमद को बांधी राखी
शुक्रवार को रक्षाबंधन के अवसर पर सिदगोड़ा थाना परिसर में भी विशेष आयोजन किया गया। एक महिला संस्था की सदस्यों ने थाना प्रभारी फैज अहमद को राखी बांधकर रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।इस दौरान थाना प्रभारी फैज अहमद ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के लिए हर संभव सहयोग और अपनी जिम्मेदारी निभाने का आश्वासन दिया।
जुगसलाई थाना में ब्रह्माकुमारीज और किन्नर समाज ने मनाया रक्षाबंधन
इधर, जुगसलाई थाना में भी रक्षाबंधन का पर्व उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज, किन्नर समाज के सदस्यों और थाना में कार्यरत महिला कर्मियों ने थाना प्रभारी गुलाम रबानी को रक्षा सूत्र बांधा।सभी ने क्षेत्र में अपराध के खिलाफ पुलिस द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
महिलाओं के सम्मान और अपराध मुक्त क्षेत्र का दिलाया भरोसा
जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रबानी ने इस अवसर पर महिलाओं के आत्मसम्मान और सुरक्षा की रक्षा का संकल्प दोहराया। उन्होंने क्षेत्र को अपराध मुक्त बनाने के लिए पुलिस की ओर से हरसंभव प्रयास जारी रखने का भरोसा दिलाया।
रक्षाबंधन ने मजबूत किया पुलिस और समाज के बीच विश्वास
जमशेदपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों ने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के साथ-साथ पुलिस और समाज के बीच विश्वास, सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।इस अवसर पर शहर में विभिन्न समुदायों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी ने कौमी एकता और भाईचारे की भावना को भी मजबूत किया।
