मनोहरपुर: मनोहरपुर क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक बन गया। लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने के बाद टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस का मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर ठहराव शुरू हो गया। ट्रेन के पहली बार स्टेशन पर रुकने को लेकर स्थानीय लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। लोगों ने ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ ट्रेन का स्वागत किया।
सांसद, विधायक और रेल अधिकारियों ने किया ट्रेन का स्वागत
टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस के मनोहरपुर स्टेशन पहुंचने पर सांसद जोबा माझी, विधायक जगत माझी, राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा के प्रतिनिधि जेबी तुबिद, चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया समेत अन्य जनप्रतिनिधियों और रेल अधिकारियों ने ट्रेन का स्वागत किया।इसके बाद सांसद, विधायक और अन्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना किया। इस दौरान स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और रेल यात्री मौजूद रहे।
लंबे समय से उठ रही थी ट्रेन के ठहराव की मांग
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि मनोहरपुर में एर्नाकुलम एक्सप्रेस का ठहराव क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग का परिणाम है।उन्होंने इस दिन को मनोहरपुर और आसपास के क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता लगातार इस मांग को लेकर आवाज उठाती रही है। सामूहिक प्रयासों के बाद अब यह मांग पूरी हुई है।सांसद ने कहा कि सिंहभूम संसदीय क्षेत्र के जिन इलाकों में रेल सुविधाओं की जरूरत है, वहां यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास जारी रहेगा।
मनोहरपुर रेलवे फाटक पर जाम का मुद्दा उठा
सांसद जोबा माझी ने मनोहरपुर रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम की समस्या भी उठाई। उन्होंने कहा कि रेलवे फाटक पर रोजाना लगने वाले जाम से लोगों को काफी परेशानी होती है।उन्होंने लोगों को इस समस्या से राहत दिलाने के लिए यहां रेल ओवरब्रिज के निर्माण को जरूरी बताया। सांसद ने कहा कि इसके लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
सारंडा सवारी गाड़ी के नियमित परिचालन की मांग
विधायक जगत माझी ने कहा कि कोविड-19 से पहले मनोहरपुर क्षेत्र में रेल परिचालन और यात्री सुविधाओं की जो स्थिति थी, उसे वापस लाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।उन्होंने रेल अधिकारियों से क्षेत्र की लाइफलाइन मानी जाने वाली सारंडा सवारी गाड़ी का नियमित परिचालन सुनिश्चित करने की मांग की।विधायक ने कहा कि बीच-बीच में सारंडा सवारी गाड़ी का परिचालन बंद कर दिया जाना गरीब और मध्यम वर्ग के यात्रियों के साथ अन्याय के समान है। उन्होंने मनोहरपुर क्षेत्र में रेल सुविधाओं के और विस्तार की मांग भी रखी।
आने वाले दिनों में अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की उम्मीद
भाजपा नेता जेबी तुबिद ने कहा कि प्रधानमंत्री और रेल मंत्री के नेतृत्व में भारतीय रेल लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रही है।उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में मनोहरपुर क्षेत्र को अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की सुविधा भी मिल सकती है।
ढोल-नगाड़ों के साथ लोगों ने मनाया जश्न
एर्नाकुलम एक्सप्रेस के मनोहरपुर स्टेशन पहुंचते ही लोगों ने ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ ट्रेन का स्वागत किया। स्थानीय लोगों ने ट्रेन के ठहराव को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।लोगों ने इसके लिए सांसद, विधायक और रेल प्रशासन के प्रति आभार जताया। ट्रेन के ठहराव से मनोहरपुर और आसपास के यात्रियों को लंबी दूरी की रेल यात्रा में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी, पूर्व विधायक गुरुचरण नायक, बड़कुंवर गागराई, जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजीत यादव, बीडीओ शक्ति कुंज, सीओ प्रदीप कुमार, डीएसपी डेविड ए. दोदराय, थाना प्रभारी अमिएल एक्का, बंधना उरांव, अशोक बांदा, विजय सिंह गागराई समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, रेल अधिकारी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
