जमशेदपुर: जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय का चौथा दीक्षांत समारोह 8 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। समारोह का आयोजन एक्सएलआरआई ऑडिटोरियम में होगा। कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और राजभवन से राज्यपाल के दौरे का विस्तृत कार्यक्रम भी प्राप्त हो चुका है।
करीब 2200 छात्राओं को प्रदान की जाएंगी डिग्रियां
दीक्षांत समारोह में स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम की करीब 2200 छात्राओं को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार चार शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि भी दी जाएगी।विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक, पीएचडी उपाधि प्रदान किया जाना इस समारोह की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल है।
एनईपी-2020 के तहत चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम पूरा करने वाला पहला विश्वविद्यालय
विश्वविद्यालय की कुलपति ने बताया कि नई शिक्षा नीति -2020 के तहत चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम यानी एफवाइयुजीपी को निर्धारित समय में सफलतापूर्वक पूरा करने वाला जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय झारखंड का पहला विश्वविद्यालय बन गया है।इसके साथ ही विश्वविद्यालय ने नए शैक्षणिक सत्र से एक वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में नामांकन प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
ओवरऑल टॉपर को मिलेगा चांसलर मेडल
इस वर्ष मेधावी छात्राओं को सम्मानित करने के लिए नई पुरस्कार व्यवस्था लागू की गई है।यूजी और पीजी की ओवरऑल टॉपर छात्राओं को चांसलर मेडल दिया जाएगा।विभिन्न पाठ्यक्रमों में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा।पहली बार पीएचडी शोधार्थियों को भी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में उपाधि प्रदान की जाएगी।
नए स्टेट यूनिवर्सिटी एक्ट के अनुरूप हुआ पुनर्गठन
कुलपति ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा लागू नए स्टेट यूनिवर्सिटी एक्ट के अनुरूप विश्वविद्यालय की सेनेट, सिंडिकेट, बोर्ड ऑफ स्टडीज सहित विभिन्न शैक्षणिक और प्रशासनिक इकाइयों का पुनर्गठन पूरा कर लिया गया है।नए नियमों और सीट आवंटन व्यवस्था के आधार पर वर्तमान शैक्षणिक सत्र में नामांकन प्रक्रिया भी संचालित की गई है।
उच्च शिक्षा में नई उपलब्धियों को रेखांकित करेगा समारोह
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि चौथा दीक्षांत समारोह केवल छात्राओं की शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव नहीं होगा, बल्कि यह उच्च शिक्षा के क्षेत्र में जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की नई उपलब्धियों को भी सामने रखेगा।चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम को समय पर पूरा करने, एक वर्षीय पीजी पाठ्यक्रम शुरू करने और पहली बार पीएचडी उपाधि प्रदान करने जैसी उपलब्धियां समारोह को विशेष बना रही हैं।
