बोड़ाम: ज्वेलरी दुकान में चोरी का खुलासा, बंगाल के 3 शातिर समेत 4 गिरफ्तार

जमशेदपुर :पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत हुई आभूषण दुकान में भीषण चोरी के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से तीन आरोपी पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के रहने वाले हैं। शनिवार कोग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर इस पूरे मामले का ब्योरा साझा किया।

3 सितंबर को हुई थी चोरी; छत का एस्बेस्टस तोड़कर घुसे थे चोर

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने बताया। गत 3 सितंबर 2026 को बोड़ाम स्थित ज्वेलरी दुकानदार दीपक स्वर्णकार ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। अज्ञात चोरों ने दुकान की छत पर लगे एस्बेस्टस को तोड़कर अंदर प्रवेश किया था और दुकान से चांदी के कीमती जेवरात, नकदी और साक्ष्य मिटाने की नीयत से सीसीटीवी का डीवीआर चुराकर फरार हो गए थे।

मोबाइल चोरी के आरोपी से खुला गिरोह का राज

प्राथमिकी दर्ज करने के बाद बोड़ाम थाना पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने एक मोबाइल चोरी के मामले में एक स्थानीय अभियुक्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से की गई पूछताछ में उसने बोड़ाम की ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी की घटना स्वीकार की और अपने तीन अन्य साथियों के नामों का खुलासा किया। आरोपी के बयान और निशानदेही पर बोड़ाम पुलिस ने पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की और वहां से तीन अन्य शातिर चोरों को धर दबोचा।

चोरी का सामान बरामद; आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर दुकान से चोरी किए गए चांदी के जेवरात, नकदी और डीवीआर सहित अन्य सामान सफलता पूर्वक बरामद कर लिया है।ग्रामीण एसपी ने बताया कि पहले आरोपी को पूर्व में ही न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है, जबकि पुरुलिया से गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर जेल भेजा जा रहा है। पुलिस अब इस गिरोह के सभी सदस्यों के पूर्व के आपराधिक इतिहास और अन्य थानों में दर्ज मामलों की जानकारी जुटा रही है।

More From Author

चढ़ावा चोरी और एमएमडीआर संशोधन के खिलाफ कांग्रेस का महाधरना 7 सितंबर को, जमशेदपुर से कार्यकर्ता जाएंगे रांची