जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी की ओर से तिलक पुस्तकालय, बिष्टूपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और एमएमडीआर संशोधन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जमशेदपुर लोकसभा प्रभारी सतीश पाल मुंजनी ने कहा कि अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की चोरी और लूट के मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में बड़े स्तर पर लोग शामिल हैं और इससे भगवान श्रीराम के भक्तों की आस्था, विश्वास एवं भावनाओं को ठेस पहुंची है।
चढ़ावा चोरी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग
कांग्रेस नेता ने कहा कि पार्टी इस मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस मामले में सच्चाई सामने आनी चाहिए और दोषियों को दंडित किया जाना चाहिए।
एमएमडीआर संशोधन को लेकर केंद्र पर हमला
प्रेस वार्ता में झारखंड के अधिकार और राजस्व से जुड़े एमएमडीआर संशोधन विधेयक का मुद्दा भी उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि संशोधन के माध्यम से खान एवं खनिज से झारखंड राज्य को मिलने वाले राजस्व को प्रभावित करने का प्रयास किया गया है।कांग्रेस ने इसे झारखंड के मान-सम्मान, अधिकार और राज्य के हितों से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन की घोषणा की है।
7 सितंबर को रांची में महाधरना-प्रदर्शन
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि दोनों मुद्दों को लेकर 7 सितंबर को रांची में लोकभवन (राजभवन) के समक्ष राज्य स्तरीय महाधरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इसमें पूर्वी सिंहभूम समेत राज्यभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात कही गई।
जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से रांची पहुंचने का किया आह्वान
पूर्वी सिंहभूम कांग्रेस जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश पदाधिकारियों, जिला पदाधिकारियों, प्रखंड एवं मंडल पदाधिकारियों, मंच-मोर्चा के पदाधिकारियों, पंचायत अध्यक्षों और सक्रिय कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में रांची पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि यह आंदोलन झारखंड के मान-सम्मान, अधिकार और अस्तित्व की लड़ाई है।
कार्यकारी अध्यक्ष ने भी किया रांची चलने का आह्वान
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों और प्रेस प्रतिनिधियों का स्वागत कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह ने किया। उन्होंने भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से 7 सितंबर के राज्य स्तरीय आंदोलन में शामिल होने और इसे सफल बनाने का आह्वान किया।
