जमशेदपुर: आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान, पुलिस-पब्लिक समन्वय को मजबूत करने और जनसेवा से जुड़े कार्यों की प्रभावी निगरानी के लिए पूर्वी सिंहभूम पुलिस की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 1 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक जिले के सभी थाना क्षेत्रों से प्राप्त आंकड़ों में विभिन्न लोकहितकारी कार्यक्रमों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है।दो माह के दौरान पुलिस को अलग-अलग माध्यमों से 1,883 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 1,634 शिकायतों का निष्पादन किया गया। वहीं नौकरी सत्यापन, पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन से जुड़े मामलों में पुलिस ने 99 प्रतिशत से अधिक मामलों का निष्पादन किया।
1,883 शिकायतों में 1,634 का हुआ निष्पादन
पूर्वी सिंहभूम पुलिस के अनुसार, दो माह के दौरान थाना स्तर पर विभिन्न माध्यमों से कुल 1,883 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 1,634 शिकायतों का निष्पादन किया जा चुका है।पुलिस का कहना है कि थाना स्तर पर प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा और निगरानी की जा रही है, ताकि लोगों की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
182 कम्युनिटी पुलिसिंग कार्यक्रम आयोजित
पुलिस-पब्लिक के बीच बेहतर संवाद और समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से जिले में 182 कम्युनिटी पुलिसिंग कार्यक्रम आयोजित किए गए।इन कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस और आम नागरिकों के बीच संवाद बढ़ाने तथा स्थानीय समस्याओं को समझने और उनके समाधान की दिशा में काम करने पर जोर दिया गया।
भू-विवाद के 148 मामलों में पुलिस-पब्लिक बैठक
भू-विवाद से जुड़े मामलों के समाधान के लिए जिले में 148 पुलिस-पब्लिक बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों के दौरान 108 सुनवाई योग्य मामलों को लिया गया।पुलिस के अनुसार, भूमि विवाद जैसे मामलों में स्थानीय स्तर पर संवाद और समन्वय के माध्यम से विवादों के समाधान का प्रयास किया जा रहा है।
घरेलू विवाद की 661 शिकायतें, 588 मामलों का समाधान
दो माह के दौरान थाना स्तर पर घरेलू विवाद से संबंधित 661 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 588 मामलों का समाधान किया गया।पुलिस द्वारा ऐसे मामलों में संबंधित पक्षों की समस्याओं को सुनकर नियमानुसार कार्रवाई और समाधान का प्रयास किया जा रहा है।
सत्यापन के 7,048 आवेदनों में 6,997 का निष्पादन
नौकरी सत्यापन, पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन से जुड़े कार्यों में भी पुलिस ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है।इस अवधि में कुल 7,048 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 6,997 आवेदनों का निष्पादन किया गया। यह करीब 99.3 प्रतिशत निष्पादन है।इससे स्पष्ट है कि सत्यापन से जुड़े मामलों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर पुलिस की ओर से विशेष जोर दिया जा रहा है।
मुलाकाती-पत्र से मिले 278 मामलों में 204 पर कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, मुलाकाती-पत्र के माध्यम से प्राप्त 278 मामलों में से 204 मामलों में थाना स्तर से कार्रवाई की गई।पुलिस का कहना है कि नागरिकों से प्राप्त शिकायतों और समस्याओं पर कार्रवाई की प्रक्रिया की नियमित निगरानी की जा रही है।
एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब ने दिए संवेदनशीलता के निर्देश
वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, डॉ. ऐहतेशाम वकारिब के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने और शिकायतों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया है।साथ ही पुलिस-पब्लिक के बीच विश्वास और बेहतर समन्वय कायम रखने पर भी विशेष जोर दिया गया है।
जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर पुलिस का फोकस
पूर्वी सिंहभूम पुलिस के अनुसार, सामुदायिक पुलिसिंग, शिकायतों के त्वरित निष्पादन, भूमि एवं घरेलू विवादों के समाधान तथा सत्यापन संबंधी कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।पुलिस का उद्देश्य है कि हर नागरिक की समस्या को गंभीरता से सुना जाए और उपलब्ध कानूनी प्रावधानों के अनुरूप उसका त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
