जमशेदपुर: जमशेदपुर में मॉडिफाइड साइलेंसर पर ट्रैफिक पुलिस का शिकंजा, 60 मॉडिफाइड साइलेंसर पर चला रोड रोलर

जमशेदपुर: दुर्गा पूजा से पहले शहर में तेज और असामान्य आवाज करने वाली बाइकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर बाइक चलाने वालों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जब्त किए गए करीब 50 से 60 मॉडिफाइड साइलेंसरों को रोड रोलर से कुचलकर नष्ट कर दिया। मंगलवार को यह कार्रवाई साकची थाना के बाहर की गई।ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर सड़क पर तेज आवाज करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा।

साकची समेत कई इलाकों में सघन वाहन जांच

ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में साकची, बागबेड़ा, जुगसलाई, परसुडीह समेत शहर के विभिन्न इलाकों में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।जांच के दौरान दोपहिया वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगे पाए जाने पर पुलिस ने उन्हें वाहनों से निकलवाकर जब्त किया। इसके बाद जब्त साइलेंसरों को मंगलवार को एक स्थान पर एकत्रित किया गया और रोड रोलर चलाकर उन्हें नष्ट कर दिया गया।

दुर्गा पूजा को लेकर बढ़ाई गई निगरानी

दुर्गा पूजा के दौरान शहर की सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती है। वहीं पूजा पंडालों और बाजार क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटती है। ऐसे में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और तेज व असामान्य आवाज से लोगों को होने वाली परेशानी को कम करने के लिए पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ अभियान तेज किया है।पुलिस के अनुसार, वाहन जांच के दौरान किसी बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर पाया जाता है तो उसे वाहन से हटाकर जब्त किया जाएगा। संबंधित वाहन चालक के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

कंपनी के निर्धारित साइलेंसर का इस्तेमाल करने की अपील

ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में कंपनी द्वारा निर्धारित साइलेंसर का ही इस्तेमाल करें और यातायात नियमों का पालन करें।पुलिस का कहना है कि मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज से सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों को परेशानी होती है। दुर्गा पूजा के दौरान ऐसे वाहनों पर विशेष नजर रखी जाएगी।

शहर के अलग-अलग हिस्सों में जारी रहेगा अभियान

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के साथ-साथ दुर्गा पूजा के दौरान शहर में व्यवस्थित यातायात और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना है। आने वाले दिनों में भी शहर के अलग-अलग हिस्सों में वाहन जांच अभियान जारी रहेगा।

More From Author

जमशेदपुर में साइबर अपराध पर एसएसपी सख्त, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश