जमशेदपुर: विश्व डाक दिवस के अवसर पर भारतीय डाक विभाग की ओर से 9 से 15 अक्टूबर तक राष्ट्रीय डाक सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान जमशेदपुर सहित कोल्हान के विभिन्न क्षेत्रों में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। डाक विभाग ने सप्ताह भर चलने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली है। इसके तहत स्कूली बच्चों को डाकघर की कार्यप्रणाली से परिचित कराने, ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और डाक सेवाओं में हुए तकनीकी बदलावों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया जाएगा।
12 अक्टूबर को मनाया जाएगा ‘फन विद फिलाटेली डे’
राष्ट्रीय डाक सप्ताह के तहत 12 अक्टूबर को ‘फन विद फिलाटेली डे’ मनाया जाएगा। इस अवसर पर स्कूली बच्चे जमशेदपुर प्रधान डाकघर के फिलाटेली ब्यूरो और एनआईटी स्थित डाकघर का भ्रमण करेंगे। यहां उन्हें डाक टिकट संग्रह और डाक सेवाओं से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी।कार्यक्रम के दौरान फिलाटेलिस्टों के साथ समूह चर्चा भी आयोजित होगी। इसके अलावा ‘ढाई आखर’ पत्र लेखन प्रतियोगिता का प्रचार-प्रसार किया जाएगा और लोगों के लिए ‘माय स्टाम्प’ काउंटर लगाया जाएगा।
13 अक्टूबर को आठ अनुमंडलों में लगेंगी डाक चौपालें
13 अक्टूबर को वित्तीय समावेशन एवं नागरिक केंद्रित सेवाएं दिवस मनाया जाएगा। इसके तहत कोल्हान के तीन जिलों के आठ अनुमंडलों में डाक चौपालों का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक अनुमंडल में दो-दो चौपालें लगाने की योजना है।इन चौपालों के माध्यम से ग्रामीणों को डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को डाक विभाग की सुविधाओं से जोड़ना और योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
स्कूलों में लगाए जाएंगे आधार शिविर
राष्ट्रीय डाक सप्ताह के कार्यक्रमों के तहत स्कूलों में आधार शिविर भी लगाए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों और अन्य पात्र लोगों को आधार से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।डाक विभाग की ओर से आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों, ग्रामीणों और आम नागरिकों को डाक सेवाओं, वित्तीय सुविधाओं तथा तकनीकी बदलावों से परिचित कराने का प्रयास किया जाएगा।
