चांडिल में सड़क हादसा: बाइक सवार फूलचंद महतो की मौत, सेप्टिक टैंकर वैन जब्त

चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल मुख्य बाजार में चांडिल थाना गेट के पास शुक्रवार दोपहर सड़क हादसे में बाइक सवार फूलचंद महतो उर्फ डोमन (30) की मौत हो गई। घटना दोपहर करीब एक बजे की है। मृतक चांडिल थाना क्षेत्र के रावतारा गांव का रहने वाला था और टेंट हाउस में काम करता था। हादसे के बाद पुलिस ने सेप्टिक टैंकर वैन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बेतरतीब खड़ी बाइक से बचने में हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फूलचंद महतो बाइक से चांडिल बस स्टैंड की ओर से चांडिल चौक बाजार जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर बेतरतीब तरीके से खड़ी बाइक से बचने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई। वह बगल से गुजर रही सेप्टिक टैंकर वैन के पहिये के नीचे आ गए, जिससे गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सेप्टिक टैंकर वैन जमशेदपुर के टेल्को क्षेत्र की बताई जा रही है।

पुलिस ने वैन जब्त कर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर चांडिल थाना प्रभारी संतन तिवारी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं, हादसे में शामिल सेप्टिक टैंकर वैन को जब्त कर लिया गया है।थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों पर कार्रवाई की मांग

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क पर बेतरतीब तरीके से और अनावश्यक रूप से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर इस तरह वाहन खड़े रहने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।

परिवार में पसरा मातम

फूलचंद महतो की मौत की खबर मिलते ही उनकी पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद रावतारा गांव में शोक का माहौल है।

More From Author

जमशेदपुर के पीएम मॉल पर 2.23 करोड़ रुपये बकाया, हाईकोर्ट के आदेश के बाद जमीन की मापी