
चक्रधरपुर।लोक आस्था के महापर्व छठ को देखते हुए चक्रधरपुर रेल मंडल ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर हाई अलर्ट जारी कर दिया है। मंडल प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षित और सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रमुख स्टेशनों पर व्यापक इंतजाम किए हैं।
तीन प्रमुख स्टेशनों पर विशेष व्यवस्था
मंडल के तीन प्रमुख और व्यस्त स्टेशन— टाटानगर, राउरकेला और झारसुगुड़ा पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है। मंडल प्रशासन के अनुसार, इन स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए निम्नलिखित व्यवस्थाएँ की गई हैं जिसमें भीड़ को समायोजित करने के लिए अतिरिक्त वेटिंग हॉल। स्वच्छता बनाए रखने के लिए अतिरिक्त शौचालय सुविधा। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल सहायता केंद्र।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम और सख्ती
यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए, मंडल प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है स्टेशन परिसर में प्रवेश केवल गहन जांच के बाद ही संभव होगा। सुरक्षा एजेंसियों को संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया है।बिना टिकट यात्रियों और स्टेशनों पर गैर-जरूरी भीड़ के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है।
मंडल मुख्यालय में ‘वार रूम’ से 24 घंटे निगरानी
चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम (मंडल रेल प्रबंधक) तरुण हुरिया ने बताया कि मंडल मुख्यालय में एक विशेष वार रूम बनाया गया है। इस वार रूम से टाटानगर, राउरकेला और झारसुगुड़ा, तीनों प्रमुख स्टेशनों की गतिविधियों की चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है।डीआरएम तरुण हुरिया ने कहा कि छठ पर्व के दौरान रेलवे की प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी यात्रियों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान रेलवे नियमों का पालन करें और प्रशासन को सहयोग दें ताकि महापर्व छठ शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।
