
सरायकेला। सरायकेला-कांड्रा मुख्य मार्ग पर मुड़िया के समीप मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार देवनारायण महतो (21 वर्ष) की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था।
नाइट ड्यूटी पर जा रहा था युवक
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, मृतक देवनारायण महतो दुगनी के जामबहल का निवासी था। वह गम्हरिया के उषा मोड़ स्थित एक कंपनी में कार्यरत था। मंगलवार की रात वह अपनी बाइक से नाइट ड्यूटी पकड़ने के लिए कंपनी जा रहा था।मुड़िया के समीप मुख्य मार्ग पर इसी दौरान वह एक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि देवनारायण महतो गंभीर रूप से घायल हो गया और सड़क पर गिर पड़ा।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना सरायकेला पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को तुरंत सदर अस्पताल सरायकेला भेजा। हालांकि, अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस अब अज्ञात वाहन की पहचान और चालक का पता लगाने के लिए मामले की गहन जांच में जुट गई है।
