जमशेदपुर: जुगसलाई में हत्या की बड़ी साजिश नाकाम; बिहार से बुलाए गए शूटरों समेत चार गिरफ्तार, पिस्तौल और 23 कारतूस बरामद

Views: 0

जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में जुटे चार अपराधियों को दबोच लिया है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह कारोबारी रंजिश के चलते एक सनसनीखेज हत्या की योजना बना रहा था, जिसके लिए विशेष रूप से बिहार से शूटरों को बुलाया गया था।एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा किया।

गुप्त सूचना पर खरकई रेलवे ब्रिज के पास छापेमारी

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जुगसलाई थाना क्षेत्र के खरकई रेलवे ब्रिज के पास कुछ संदिग्ध किस्म के लोग हथियारों के साथ एकत्र हुए हैं और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) सुमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से चार आरोपियों को धर दबोचा, जिनकी पहचान राजेश कुमार साव, मन्नू कुमार, प्रतिक कुमार और विकास कुमार सिंह उर्फ रितिक के रूप में की गई है।

कारोबारी रंजिश में रची गई थी हत्या की साजिश

पुलिस की पूछताछ और शुरुआती जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं।पुलिस का दावा है कि मुख्य साजिशकर्ता राजेश कुमार साव ने मन्नू कुमार के साथ मिलकर प्रतीक कुमार के माध्यम से बिहार से शातिर शूटरों को बुलाया था। जुगसलाई क्षेत्र के कुछ व्यापारियों के साथ पुरानी रंजिश और विवाद के चलते यह खूनी खेल खेलने की योजना बनाई गई थी। मुख्य आरोपी राजेश कुमार साव का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिसके खिलाफ सोनारी और कदमा थानों में पहले से मामले दर्ज हैं।

भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से अत्याधुनिक और अवैध हथियारों का जखीरा बरामद किया है जिसमें एक लोडेड देसी पिस्तौल, एक लोडेड देसी रिवॉल्वर, 23 जिंदा कारतूस, 2 खाली खोखे और 5 एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच में जुटी पुलिस

इस मामले में जुगसलाई थाने में कांड संख्या 82/26, दिनांक 17 अक्टूबर 2026 के तहत सुसंगत धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।इस सफल छापेमारी अभियान में डीएसपी विधि-व्यवस्था सुमित कुमार के साथ जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी खान एवं अन्य पुलिस बल के अधिकारी व जवान शामिल रहे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस साजिश के तार और कहां-कहां जुड़े हैं तथा इनके अन्य सहयोगियों की क्या भूमिका थी।

More From Author

कुणाल षाड़ंगी ने नेमरा में सीएम हेमंत सोरेन से की मुलाकात, गुरुमाता रूपी सोरेन को दी श्रद्धांजलि