Views: 0
जमशेदपुर:लौहनगरी जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। सोमवार की शाम कदमा टोल ब्रिज के पास बदमाशों ने महज 12 साल के एक किशोर को चाकू गोदकर मौत के घाट उतार दिया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़े किशोर को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक की पहचान कदमा रामजनम नगर निवासी सन्नी के रूप में की गई है। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल, शरीर पर मिले कई जख्म
घटना के संबंध में स्थानीय निवासी आशीष ने बताया कि सोमवार शाम वे लोग टोल ब्रिज के पास से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर सड़क किनारे खून से लथपथ पड़े एक किशोर पर पड़ी।जब वे लोग पास गए, तो देखा कि किशोर के शरीर पर चाकू से कई गहरे वार किए गए थे।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने बिना एक पल गंवाए उसे तुरंत टीएमएच अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
हत्या के कारणों का खुलासा नहीं, पुलिस खंगाल रही सुराग
घटना की सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस हरकत में आ गई और अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई। फिलहाल हत्या के पीछे की असल वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस वारदात को किसने और किन परिस्थितियों में अंजाम दिया। पुलिस घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा यह भी देखा जा रहा है कि आसपास कोई सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध है या नहीं, जिससे अपराधियों का सुराग मिल सके।प्रशासन ने जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजने का भरोसा दिलाया है।
