Views: 11
जमशेदपुर: बागबेड़ा कॉलोनी में पिछले करीब दो सप्ताह से बाधित घर-घर कचरा उठाव की समस्या को लेकर पंचायत समिति सदस्यों और स्थानीय लोगों ने गुरुवार को बीडीओ सुमित प्रकाश से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मांग पत्र सौंपकर कचरा संग्रह वाहन का नियमित संचालन सुनिश्चित करने की मांग की। बीडीओ ने आश्वासन दिया कि शुक्रवार से कचरा उठाव नियमित किया जाएगा।
तकनीकी खराबी और सीएनजी की कमी से प्रभावित हुई सेवा
बीडीओ सुमित प्रकाश ने बताया कि कचरा संग्रह सेवा बाधित होने के पीछे वाहन में तकनीकी खराबी, सुपरवाइजर का इस्तीफा, सीएनजी की अनुपलब्धता और कचरा शुल्क की नियमित वसूली नहीं होना जैसे कारण रहे। उन्होंने कहा कि सीएनजी की व्यवस्था कर दी गई है और शुक्रवार से कचरा उठाव को नियमित करने का प्रयास किया जाएगा।
स्थानीय कमेटी गठित करने की मांग
बैठक में पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, झरना मिश्रा और बन्ना गुप्ता फैंस क्लब के अध्यक्ष अनिल सिंह ने कचरा उठाव व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए स्थानीय कमेटी गठित करने का सुझाव दिया। उन्होंने स्थानीय व्यक्ति को सुपरवाइजर की जिम्मेदारी सौंपने की भी मांग की।प्रतिनिधियों की इस मांग पर बीडीओ ने सहमति जताई। उनका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर निगरानी बढ़ाकर कचरा संग्रह व्यवस्था को नियमित बनाए रखना है।
नियमित कचरा शुल्क देने के लिए चलेगा जागरूकता अभियान
बैठक में कॉलोनी में जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया। इसके तहत लोगों को नियमित रूप से कचरा शुल्क देने और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि नियमित कचरा उठाव शुरू होने से कॉलोनी में साफ-सफाई की स्थिति बेहतर होगी और स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी।बैठक में प्रतिनिधि श्रवण मिश्रा, समाजसेवी सोनू पंडित, सीनू राव, सुनील सिन्हा, नेहा श्रीवास्तव, आकाश मिश्रा, कचरा वाहन के चालक, महिला कर्मचारी समेत अन्य लोग उपस्थित थे।
