Views: 1
जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद क्वार्टर को निशाना बनाकर करीब 20 लाख रुपये के गहने और 15 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। चोर क्वार्टर के पीछे की दीवार फांदकर परिसर में दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देने के बाद पीछे के रास्ते से फरार हो गए। घटना रोड नंबर-1 स्थित क्वार्टर नंबर के-2/6 की है। चोरी की इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
परिवार के घर से बाहर रहने के दौरान हुई चोरी
मिली जानकारी के अनुसार, टाटा मोटर्स के सेवानिवृत्त कर्मचारी शमशेर खान अपनी पत्नी, बेटी और नतनी के साथ क्वार्टर में रहते हैं। उनकी बेटी गुलमोहर स्कूल में शिक्षिका हैं। शनिवार को शमशेर खान का बेटा हैदराबाद से घर आया था। क्वार्टर में जगह कम होने के कारण परिवार के सभी सदस्य क्वार्टर में ताला बंद कर मानगो स्थित अपने श्रीनाथ होम फ्लैट में रहने चले गए थे।रविवार रात जब शमशेर खान अपने परिवार के साथ वापस क्वार्टर पहुंचे और मुख्य दरवाजे का ताला खोलकर अंदर गए, तो कमरों का सामान बिखरा देखकर हैरान रह गए। दूसरे कमरे में रखी अलमारी खुली हुई थी और उसमें रखा गहनों का बैग गायब था। जांच करने पर करीब 20 लाख रुपये के गहने और लगभग 15 हजार रुपये नकद चोरी होने की जानकारी मिली।
पीछे की दीवार फांदकर क्वार्टर में घुसे चोर
शमशेर खान के अनुसार, चोर क्वार्टर के पीछे की दीवार फांदकर परिसर में घुसे थे। इसके बाद पीछे के दरवाजे का ताला तोड़कर कमरे में प्रवेश किया और अलमारी में रखे गहने व नकदी लेकर फरार हो गए। घटनास्थल पर दीवार पर हाथ और पैर के निशान मिलने की बात भी सामने आई है।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
घटना की सूचना मिलने के बाद टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और चोरी के बाद वे किस रास्ते से फरार हुए। फिलहाल मामले की जांच जारी है।बंद क्वार्टर में हुई इस बड़ी चोरी से क्षेत्र के लोगों में चिंता का माहौल है। अब पुलिस की जांच से ही चोरों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
