चाईबासा: पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर घर में दफनाने का आरोपी पति गया जेल

Views: 0

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के पांड्राशाली ओपी क्षेत्र के तुंगा गांव में पत्नी की हत्या कर शव को घर के अंदर दफनाने के आरोपी पति राम हांसदा को रविवार को जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घर के अंदर से शव बरामद किया है। घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और खून लगी मिट्टी भी जब्त की गई है।प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी राज कुमार जेयराजु ने पत्रकारों को बताया कि 24 अक्टूबर 2026 को पांड्राशाली ओपी पुलिस को सूचना मिली थी कि तुंगा गांव निवासी राम हांसदा ने अपनी पत्नी गुरुबारी हांसदा की हत्या कर शव को घर के अंदर दफना दिया है। सूचना मिलने के बाद वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रशिक्षु आईपीएस राज कुमार जेयराजु के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर आरोपी राम हांसदा को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर घर के अंदर दफनाया गया गुरुबारी हांसदा का शव बरामद किया गया। घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को फोरेंसिक टीम, रांची की मदद से बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ के दौरान घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

भोजन बनाने को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस के मुताबिक, अनुसंधान में सामने आया है कि हत्या की घटना 17 अक्टूबर 2026 की रात की है। उस रात भोजन नहीं बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में आकर राम हांसदा ने कुल्हाड़ी से पत्नी की गर्दन पर वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर के अंदर ही दफना दिया।मृतका की बेटी नागीश्री गागराई के लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी के खिलाफ सरायकेला-खरसावां जिले के आमदा ओपी में भी एक मामला दर्ज है।

सड़-गल गया था शव, पोस्टमार्टम के लिए जमशेदपुर रेफर

शव काफी सड़-गल जाने के कारण चिकित्सकों ने उसे पोस्टमार्टम के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया। छापेमारी टीम में प्रशिक्षु आईपीएस राज कुमार जेयराजु, पांड्राशाली ओपी प्रभारी मेघनाथ मंडल और ओपी के सशस्त्र बल शामिल थे।

More From Author

आदित्यपुर में 26 अक्टूबर से सीआईआई झारखंड सेफ्टी टॉक 2026, 46 विशेषज्ञ साझा करेंगे अनुभव