Views: 1
जमशेदपुर: दीपावली के मद्देनजर जिला प्रशासन ने पटाखों की दुकानों की जांच तेज कर दी है। इसी क्रम में सुंदरनगर थाना क्षेत्र के कूदादा में प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने पटाखा दुकानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान लाइसेंस की वैधता, पटाखों के भंडारण और अग्निशमन व्यवस्था की पड़ताल की गई। अनियमितता मिलने पर दो दुकानों को लाइसेंस नवीनीकरण होने तक बंद रखने का निर्देश दिया गया।अभियान में जमशेदपुर प्रखंड के अंचल अधिकारी मनोज कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सुमित प्रकाश और सुंदरनगर थाना प्रभारी अजीत कुमार शामिल थे।
मांगोटिया इंटरप्राइजेज का लाइसेंस एक्सपायर, दुकान बंद
जांच टीम ने सबसे पहले मांगोटिया इंटरप्राइजेज नामक पटाखा दुकान का निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार, जांच में दुकान का लाइसेंस एक्सपायर पाया गया। इसके बाद अंचल अधिकारी ने दुकान बंद करा दी और निर्देश दिया कि लाइसेंस का नवीनीकरण होने के बाद ही दुकान का संचालन किया जाए।अधिकारियों ने दुकान में पटाखों के बीच रखी बैटरियों को हटाने का भी निर्देश दिया। इसके अलावा पटाखों के भंडारण की क्षमता और अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता की जांच की गई।
मां बनभौरी ट्रेडर्स को भी बंद रखने का निर्देश
इसके बाद टीम ने मां बनभौरी ट्रेडर्स नामक दुकान की जांच की। अधिकारियों के मुताबिक, दुकान का लाइसेंस 31 मार्च 2025 तक वैध था, लेकिन नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी हुए बिना दुकान संचालित की जा रही थी। इस पर दुकान संचालक को नया लाइसेंस जारी होने तक दुकान बंद रखने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि आदेश का उल्लंघन कर दुकान खोलने पर कार्रवाई की जाएगी।दुकान के मालिक ने बताया कि उन्होंने लाइसेंस नवीनीकरण के लिए निर्धारित शुल्क जमा कर चालान कटवा लिया है, लेकिन संबंधित सरकारी विभाग की ओर से अब तक लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि वह इस मामले में एसडीओ से मुलाकात कर जल्द लाइसेंस जारी करने की मांग करेंगे।
सुरक्षा मानकों का पालन कराने के लिए अभियान
दीपावली के दौरान पटाखों की बिक्री और भंडारण में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन ने यह जांच अभियान चलाया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वैध लाइसेंस के बिना पटाखा दुकानों का संचालन नहीं किया जा सकता। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहार के दौरान किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकना और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है।
