जगन्नाथपुर: विधायक के पैतृक गांव जिन्तूगोंडा में पति ने गैंता से वार कर की पत्नी की हत्या, आरोपी हिरासत में

Views: 1

जगन्नाथपुर । जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के जिन्तूगोंडा गांव में बुधवार सुबह एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान शाल्मी सिंकु के रूप में हुई है। आरोप है कि उसके पति मांगील सिंकु ने बुधवार तड़के करीब चार बजे घर में गैंता से वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मृतका के पति को हिरासत में लिया है।

फोन आने पर घर पहुंचे ग्रामीण, अंदर मिला शव

जानकारी के अनुसार, घटना का पता उस समय चला, जब गांव के निवासी सुब्बल सिंकु के पास फोन आया। उनसे शाल्मी सिंकु से बात करने को कहा गया। इसके बाद सुब्बल सिंकु उसके घर पहुंचे। आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा खोलकर देखने पर घर के अंदर शाल्मी सिंकु का शव पड़ा मिला।इसके बाद सुब्बल सिंकु ने ग्रामीण मुंडा सोमनाथ सिंकु को घटना की जानकारी दी। ग्रामीण मुंडा ने तत्काल जगन्नाथपुर थाना प्रभारी टिंकू कुमार दास को सूचना दी। मामले की जानकारी जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकु को भी दी गई।

पुलिस ने पति को हिरासत में लिया

सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी टिंकू कुमार दास पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। विधायक सोनाराम सिंकु भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पति मांगील सिंकु पर हत्या करने का आरोप सामने आया, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है। हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।गौरतलब है कि जिन्तूगोंडा गांव जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकु का पैतृक गांव है। घटना के बाद गांव में शोक और चिंता का माहौल है।

More From Author

जमशेदपुर में श्रेष्ठम स्वीट्स और टॉम जिम में चोरी का खुलासा, युवक गिरफ्तार; किशोर निरुद्ध

छायानगर में 1.43 करोड़ की लागत से बनेगा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, विधायक पूर्णिमा साहू ने किया शिलान्यास