मनोहरपुर-राउरकेला मुख्य मार्ग पर भीषण हादसा, युवक की मौत और सात घायल

Views: 0

मनोहरपुर: मनोहरपुर-राउरकेला मुख्य मार्ग पर मेदासाई खजूर पुलिया के समीप बीती रात भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब शादी समारोह से लौट रही बारातियों से भरी पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पहले गार्डवाल से टकराई और फिर सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पेड़ टूटकर गिर गया और पिकअप वैन पलट गई।

शादी समारोह से लौट रहे थे बाराती

जानकारी के अनुसार, ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के सरगीगड़ा गांव के करीब एक दर्जन लोग झारखंड के आनंदपुर प्रखंड के हरता गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आए थे। समारोह के बाद सभी पिकअप वैन से अपने घर लौट रहे थे।इसी दौरान मेदासाई खजूर पुलिया के पास वाहन चालक ने नियंत्रण खो दिया। पिकअप पहले सड़क किनारे बने गार्डवाल से टकराई और फिर एक पेड़ से जा भिड़ी। हादसे में पेड़ और वाहन के बीच दबने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल में युवक को मृत घोषित किया

घटना की सूचना मिलते ही मनोहरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद गंभीर रूप से घायल युवक को मृत घोषित कर दिया।हादसे में घायल सात अन्य लोगों का इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।

More From Author

स्काउट्स एवं गाइड्स के 75 वर्ष पूरे होने पर निकलेगी बाइक रैली, चक्रधरपुर मंडल के सदस्य भी होंगे शामिल