Views: 4
जमशेदपुर: जिला पुलिस प्रशासन बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क हो गया है। इसी क्रम में गुरुवार को परसुडीह थाना क्षेत्र के कृषि बाजार समिति परिसर में स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और इंडियन बैंक का निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर सुमित कुमार और परसुडीह थाना प्रभारी राजेंद्र मुंडा ने दोनों बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने बैंक परिसर, सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा से जुड़े अन्य इंतजामों की जांच की। साथ ही बैंक प्रबंधकों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेते हुए कमियों को जल्द दूर करने का निर्देश दिया।
बैंक के बाहर नहीं सुनाई दिया इमरजेंसी सायरन
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बैंक में लगे इमरजेंसी सायरन की भी जांच की। बैंक मैनेजर द्वारा सायरन बजाने पर उसकी आवाज बैंक के अंदर तक ही सुनाई दी, जबकि बाहर आवाज नहीं पहुंची। इस पर अधिकारियों ने सायरन को ऐसी जगह लगाने का निर्देश दिया, जहां उसकी आवाज बैंक परिसर के बाहर तक सुनाई दे सके।अधिकारियों का कहना था कि किसी आपात स्थिति में सायरन की आवाज आसपास के लोगों और पुलिस तक पहुंचना जरूरी है, ताकि समय रहते मदद उपलब्ध कराई जा सके।
बेहतर सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश
पुलिस अधिकारियों ने बैंक परिसर के अंदर और बाहर की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने बेहतर गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने और बैंक के सभी संवेदनशील स्थानों पर निगरानी सुनिश्चित करने का सुझाव दिया। इसके अलावा परसुडीह थाना प्रभारी को बैंक क्षेत्र में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग करने का निर्देश दिया गया।
निर्देशों को जल्द लागू करेगा बैंक प्रबंधन
बैंक मैनेजर अमित गौरव ने कहा कि पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा को लेकर दिए गए सुझावों और निर्देशों को जल्द लागू किया जाएगा। उन्होंने बैंक में बेहतर गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने की बात भी कही।वहीं, डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर सुमित कुमार ने बताया कि बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से निरीक्षण किया गया है। बैंक प्रबंधन को सुरक्षा संबंधी कमियों को दूर करने, बेहतर सीसीटीवी कैमरे लगाने और सायरन की आवाज बाहर तक पहुंचने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस की ओर से भी बैंक क्षेत्र में निगरानी और पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी।गोलमुरी की बैंक डकैती के बाद पुलिस बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटी है। अब इन उपायों के प्रभावी क्रियान्वयन से बैंक परिसरों की सुरक्षा कितनी मजबूत होती है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।
