गम्हरिया थाना दुष्कर्म मामला: वायरलेस ऑपरेटर समेत तीन पुलिसकर्मी गिरफ्तार, नौ निलंबित

Views: 1

गम्हरिया: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में वायरलेस ऑपरेटर समेत तीन पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, कर्तव्य में लापरवाही और महिला की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं करने के आरोप में नौ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर पुलिस केंद्र सरायकेला वापस कर दिया गया है।पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 31 अक्टूबर 2026 को लिखित आवेदन देकर घटना की जानकारी दी। इसके बाद गम्हरिया थाना कांड संख्या 86/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सरायकेला एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई।

पति से विवाद के बाद पहुंची थी थाना

पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, 29 अक्टूबर की शाम पति से विवाद होने के बाद महिला मारपीट के डर से घर से निकल गई थी। इसके बाद पड़ोस में रहने वाली एक महिला की मदद से थाने में फोन किया गया। पुलिस के पीसीआर वाहन से महिला रात करीब 12 बजे गम्हरिया थाना पहुंची।आरोप है कि थाना परिसर में ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारी ने महिला को बगल के कमरे में आराम करने के लिए कहा। इसी दौरान वायरलेस ऑपरेटर आरक्षी संख्या 410 नीरज लकड़ा पर महिला के साथ कथित दुष्कर्म करने का आरोप लगा है।इस मामले में पुलिस ने 31 अक्टूबर 2026 को गम्हरिया थाना कांड संख्या 86/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(2)(a)/68 में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच में दो अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका सामने आई

पुलिस के मुताबिक, एसपी के निर्देश पर गठित एसआईटी ने मामले की जांच की। जांच के दौरान पुलिस अवर निरीक्षक मनोज कुमार साहू और आरक्षी संख्या 1088 संतोष कुमार राय की संलिप्तता सामने आने के बाद दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा समेत तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।मामले में पुलिस विभाग ने कर्तव्य में लापरवाही और महिला की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं करने के आरोप में नौ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर पुलिस केंद्र सरायकेला वापस कर दिया है।

इन नौ पुलिसकर्मियों को किया गया निलंबित

निलंबित पुलिसकर्मियों में अजय पासवान, ललन रविदास, विशु उरांव, मुकेश कुजूर, मुकेश रविदास, सीताराम सिंह पाहन, पिताम्बर महतो, बहादुर हांसदा और मनोज गोराई शामिल हैं।थाना परिसर में महिला के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में गंभीर सवाल उठे हैं। मामले में गिरफ्तारियों और निलंबन की कार्रवाई के साथ आगे की जांच जारी है।

More From Author

अग्नि सुरक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, नागरिक भी निभाएं अपना दायित्व: न्यायमूर्ति दीपक रोशन

मिरूडीह साप्ताहिक हाट में महिला पर चाकू से हमला, टीएमएच में इलाज के दौरान मौत