Views: 3
धनबाद। आईआईटी-आईएसएम परिसर में एक बार फिर सनसनी फैल गई है। कुछ समय पहले एक छात्र की मौत के बाद अब संस्थान परिसर में एक ठेका मजदूर का शव मिलने से हड़कंप मच गया। निर्माणाधीन भवन के दूसरे तल से 26 वर्षीय मजदूर का शव बरामद किया गया है। मृतक की पहचान बिहार के अररिया जिले के निवासी नूर हसन के रूप में हुई है।
निर्माणाधीन भवन में मिला शव
जानकारी के अनुसार, नूर हसन आईआईटी-आईएसएम परिसर में चल रहे निर्माण कार्य में एक निजी एजेंसी के माध्यम से मजदूरी करता था। मंगलवार को निर्माणाधीन भवन के दूसरे तल पर उसका शव मिलने की सूचना से परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई।
पारिवारिक विवाद की बात आई सामने
सहकर्मियों और संस्थान के सुरक्षा अधिकारियों से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, नूर हसन पिछले कुछ महीनों से मानसिक तनाव में था। सहकर्मियों का कहना है कि गांव से लौटने के बाद से ही वह फोन पर अपनी पत्नी से लगातार विवाद करता था। बताया गया कि पिछले तीन-चार महीनों से दोनों के बीच अनबन चल रही थी। विवाद इतना बढ़ गया था कि मामला अदालत तक पहुंच गया था और दोनों के बीच मुकदमा चल रहा था।हालांकि, मजदूर की मौत के वास्तविक कारणों का अभी आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
