जमशेदपुर: पारिवारिक विवाद से परेशान मां ने तीन बेटियों के साथ खाया जहर, चारों अस्पताल में भर्ती

Views: 0

जमशेदपुर:लौहनगरी जमशेदपुर के मानगो उलीडीह ओपी क्षेत्र से एक अत्यंत संवेदनशील और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। संकोसाई रोड नंबर-5 में मंगलवार देर रात एक महिला ने पारिवारिक विवाद से तंग आकर अपनी तीन नाबालिग बेटियों के साथ कथित तौर पर जहर खाकर खुदकुशी करने की कोशिश की।

समाजसेवी विकास सिंह ने तत्परता दिखाते हुए अस्पताल पहुंचाया

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय समाजसेवी विकास सिंह ने बिना एक पल गंवाए मौके पर पहुंचकर चारों को तत्काल महात्मा गांधी मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया। एमजीएम अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में चिकित्सकों की टीम ने तुरंत इलाज शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार, समय पर अस्पताल पहुंच जाने के कारण जहर का असर फैलने से रोक लिया गया है और फिलहाल चारों (मां और तीनों बेटियों) की हालत स्थिर बनी हुई है।

पति गांव में रहते हैं, भाइयों के साथ रहता है परिवार

प्रारंभिक जानकारी और स्थानीय लोगों के अनुसार पीड़िता पिंकी कुमारी के पति बिहार के नालंदा स्थित अपने पैतृक गांव में रहकर खेती-बाड़ी का काम करते हैं।पिंकी मानगो स्थित घर में अपने दो भाइयों के साथ रह रही थी।बताया जा रहा है कि घरेलू बातों को लेकर परिवार में आए दिन विवाद और कहासुनी होती रहती थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी पारिवारिक कलह से मानसिक रूप से परेशान होकर महिला ने अपनी तीनों मासूम बेटियों के साथ यह आत्मघाती कदम उठाया।

पुलिस जांच में जुटी, घरेलू विवाद का मामला

घटना की जानकारी मिलने के बाद उलीडीह ओपी (ओपीडी) पुलिस टीम भी मामले की पड़ताल के लिए एमजीएम अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची। उलीडीह ओपी प्रभारी सारी अली ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है। फिलहाल महिला और उसकी तीनों बेटियों का स्वास्थ्य ठीक है और उनकी स्थिति पर डॉक्टर नजर रखे हुए हैं।

More From Author

खरसावां में बेकाबू ट्रक ने ट्रांसफार्मर को मारी टक्कर, लोगों ने चालक को पीटा