Views: 0
आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित राममड़ैया बस्ती में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान माधुरी मछुआ के रूप में हुई है। मंगलवार देर रात गंभीर हालत में उसे टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
तीन साल पहले किया था प्रेम विवाह
जानकारी के अनुसार, माधुरी का मायका पश्चिम सिंहभूम जिले में है। करीब तीन वर्ष पूर्व उसने गणपत मछुआ के साथ प्रेम विवाह किया था। मायके पक्ष के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही माधुरी को ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों ने उसकी मौत को संदिग्ध बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ससुराल पक्ष के फरार होने का आरोप
मायके पक्ष के लोगों का यह भी आरोप है कि माधुरी की मौत के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो गए हैं। हालांकि, इस संबंध में अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, ससुराल पक्ष की ओर से भी मामले पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।फिलहाल महिला की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। मामले की जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।
