जमशेदपुर सूर्य मंदिर में 25वां छठ महोत्सव: 14 नवंबर को 1100 व्रतियों को मिलेगी निःशुल्क पूजन सामग्री, 15 से खुलेगा घाट

Views: 1

जमशेदपुर: सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर परिसर में 25वें छठ महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। महोत्सव को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए मंदिर परिसर के दोनों तालाबों की सफाई, पेंटिंग, विद्युत सज्जा और रास्तों की सफाई का काम तेजी से चल रहा है। बुधवार को भालूबासा स्थित एक होटल में सूर्य मंदिर समिति की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी गई।प्रेस वार्ता में समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, महासचिव अखिलेश चौधरी और मीडिया प्रभारी प्रमोद मिश्रा मौजूद रहे। अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी समिति के सदस्य छठ महोत्सव के सफल आयोजन में पूरी तन्मयता से जुटे हैं।

दोनों तालाबों की सफाई के बाद भरा जाएगा स्वच्छ जल

भूपेंद्र सिंह ने बताया कि सूर्य मंदिर के दोनों तालाबों की पूरी सफाई के बाद उनकी सतह पर पेंटिंग की जा रही है। पेंटिंग का काम पूरा होने के बाद तालाबों में स्वच्छ और निर्मल जल भरा जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों तालाबों के पानी की पारदर्शिता और स्वच्छता को आकर्षक बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।इसके साथ ही मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में आकर्षक विद्युत सज्जा की जा रही है। छठ पूजा के दौरान सूर्य मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों से विशेष रूप से सजाया जाएगा। मंदिर आने-जाने वाले रास्तों की सफाई भी जारी है। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सेवा के लिए मंदिर समिति के स्वयंसेवक लगातार सक्रिय रहेंगे।

रघुवर दास के मार्गदर्शन में हो रहा आयोजन

समिति अध्यक्ष ने बताया कि छठ महोत्सव का आयोजन राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास तथा संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह के दिशा-निर्देश और मार्गदर्शन में किया जा रहा है। महोत्सव में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू और शहर के गणमान्य लोग भी मौजूद रहेंगे।

15 नवंबर को दोपहर 2 बजे खुलेंगे सभी प्रवेश द्वार

समिति के महासचिव अखिलेश चौधरी ने बताया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए 15 नवंबर को दोपहर 2 बजे मंदिर परिसर के सभी प्रवेश द्वार खोल दिए जाएंगे। घाट पर पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर भगवान भास्कर को अर्घ्य देने की व्यवस्था रहेगी।

संध्या अर्घ्य पर लोकगायिकाओं की भक्ति संगीत प्रस्तुति

छठ महापर्व के प्रथम अर्घ्य यानी 15 नवंबर की संध्या को सूर्य मंदिर परिसर के शंख मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें सुप्रसिद्ध लोकगायिका आँखी दास, करीना पांडेय और सावित्री पांडेय के साथ स्थानीय कलाकार भक्ति संगीत प्रस्तुत करेंगे।महासचिव अखिलेश चौधरी ने संगीतप्रेमी शहरवासियों से अपील की कि वे संध्या 7 बजे से आयोजित सांस्कृतिक संध्या में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों और छठ गीतों के साथ लोकगीतों व भजनों का आनंद लें।

1100 जरूरतमंद व्रतियों को निःशुल्क मिलेगी पूजन सामग्री

मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी प्रमोद मिश्रा ने बताया कि 14 नवंबर को आर्थिक रूप से कमजोर छठ व्रतियों के बीच निःशुल्क पूजन सामग्री का वितरण किया जाएगा। वितरण कार्यक्रम सुबह 9 बजे से 11 बजे तक चलेगा। समिति की ओर से कुल 1100 व्रतियों को संपूर्ण पूजन सामग्री भेंट करने की योजना है।इसके लिए पूर्वी क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है। वे अपने-अपने क्षेत्रों में आर्थिक रूप से कमजोर व्रतियों की पहचान कर उनकी सूची मंदिर समिति को सौंपेंगे।

More From Author

जमशेदपुर: टीएमएच में मरीजों को मिलीं चार नई सुविधाएं, निःशुल्क ‘सेवा सवारी’ और बायोगैस प्लांट की शुरुआत

जमशेदपुर: जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का परिचालन फिर शुरू होने पर सिख समाज में खुशी, सतबीर सिंह सोमू ने जताया आभार

Recent News