Views: 34
जमशेदपुर: जलियांवाला बाग एक्सप्रेस (18103/18104) का परिचालन पुनः शुरू कराने की पहल पर भाजपा सिख नेता सरदार सतबीर सिंह सोमू ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने इसे सामूहिक प्रयासों और लगातार की गई कोशिशों का सुखद परिणाम बताया। ट्रेन के दोबारा चलने की खबर से जमशेदपुर के लोगों, विशेषकर सिख समाज में खुशी और उत्साह का माहौल है।
सांसद विद्युत वरण महतो से की गई थी पहल की मांग
सरदार सतबीर सिंह सोमू ने इस प्रयास में साथ देने वाले सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी साथियों ने एकजुट होकर सांसद विद्युत वरण महतो से यात्रियों की परेशानी को देखते हुए इस मामले को गंभीरता से उठाने का आग्रह किया था।साथ ही सांसद से केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बातचीत कर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का परिचालन दोबारा शुरू कराने के लिए आवश्यक पहल करने की मांग की गई थी।
जमशेदपुर और पंजाब के बीच महत्वपूर्ण रेल संपर्क
सोमू ने कहा कि जलियांवाला बाग एक्सप्रेस केवल एक रेल सेवा नहीं है, बल्कि जमशेदपुर और पंजाब के बीच हजारों लोगों के आवागमन का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके पुनः परिचालन की खबर से शहरवासियों को राहत और खुशी मिली है।उन्होंने इस जनहित के मुद्दे पर पहल करने के लिए सांसद विद्युत वरण महतो का विशेष रूप से धन्यवाद और आभार जताया। साथ ही केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति भी आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि यह सफलता एकजुटता, सामूहिक प्रयास और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का सुखद परिणाम है।
