Views: 2
सरायकेला: झारखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और सदियों पुरानी पशुधन परंपरा की झलक गुरुवार को कुकड़ू प्रखंड के पारगामा गांव में देखने को मिली। सोहराय-बंदना पर्व के अवसर पर यहां पहली बार पारंपरिक बलद गोरु काड़ा खुटान प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न गांवों से पहुंचे पशुपालकों ने अपने पशुओं के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान ग्रामीण संस्कृति और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला।
पहली बार हुआ भव्य आयोजन, ग्रामीणों में दिखा उत्साह
प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए अलग-अलग गांवों के पशुपालक अपने-अपने पशुओं के साथ पारगामा पहुंचे। पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच पशुओं के कौशल और प्रदर्शन को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे। पूरे आयोजन स्थल पर उत्सव जैसा माहौल रहा।कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र में इस तरह की प्रतियोगिता का पहली बार भव्य आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की पारंपरिक संस्कृति, पशुपालन की विरासत और सोहराय पर्व से जुड़ी लोक परंपराओं को संरक्षित करना था। साथ ही नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और परंपराओं से परिचित कराना भी आयोजन का उद्देश्य रहा।
अतिथियों ने लोक परंपराओं को सहेजने पर दिया जोर
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो उपस्थित रहीं। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रखंड प्रमुख प्रतिमा सिंह, मुखिया लालू मांझी और उपमुखिया चाइना महतो शामिल हुए।अतिथियों ने इस तरह के पारंपरिक आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण संस्कृति और लोक परंपराएं हमारी पहचान हैं। इन्हें सहेजना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बेहतर प्रदर्शन करने वाले पशुपालकों को मिला नगद पुरस्कार
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पशुओं के मालिकों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस आयोजन ने सोहराय पर्व की पारंपरिक छटा को जीवंत करने के साथ ही ग्रामीणों के बीच आपसी मेलजोल और सांस्कृतिक एकजुटता को भी बढ़ावा दिया।
