Views: 1
जमशेदपुर: गोविंदपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से 48 वर्षीय सपन कुमार की मौत हो गई। वह टाटा मोटर्स कंपनी परिसर में क्रेन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत थे। घटना को लेकर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।जानकारी के अनुसार, सपन कुमार छोटा गोविंदपुर जनता मार्केट में किराये के मकान में अकेले रहते थे। उनकी पत्नी के मुताबिक, अत्यधिक शराब सेवन को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था और मारपीट भी होती थी। इससे परेशान होकर वह 18 अक्टूबर से अपने मायके में रह रही थीं।
मकान मालिक ने फोन कर दी थी नशे में घर से निकलने की सूचना
मृतक की पत्नी ने बताया कि गुरुवार सुबह मकान मालिक ने उन्हें फोन कर जानकारी दी कि सपन कुमार नशे की हालत में घर से निकले हैं। सूचना मिलने पर वह मकान पहुंचीं, जहां सपन का मोबाइल फोन घर पर ही मिला। इसके कुछ देर बाद उन्हें सपन की ट्रेन की चपेट में आने से मौत होने की सूचना मिली।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने पर गोविंदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। आत्महत्या की आशंका की भी जांच की जा रही है।
