कुणाल षाड़ंगी ने टाटा स्टील के एमडी टी. वी. नरेंद्रन से की मुलाकात, जमशेदपुर के विकास से जुड़े कई मुद्दे उठाए

Views: 6

जमशेदपुर: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने टाटा स्टील के ग्लोबल सीईओ एवं मैनेजिंग डायरेक्टर टी. वी. नरेंद्रन से मुलाकात कर जमशेदपुर समेत पूर्वी सिंहभूम जिले के समग्र विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था, औद्योगिक विकास, स्वास्थ्य सुविधाओं, धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना और शहर के बाहर चिह्नित औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति के विकल्प जैसे विषयों पर सुझाव और प्रस्ताव रखे।

ट्रैफिक जाम और पार्किंग की समस्या पर जताई चिंता

मुलाकात के दौरान कुणाल षाड़ंगी ने बिष्टुपुर, साकची और रीगल ग्राउंड सहित टाटा कमांड एरिया के प्रमुख व्यावसायिक इलाकों में लगातार लगने वाले ट्रैफिक जाम और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या उठाई। उन्होंने टाटा लीज की शर्तों के तहत पार्किंग व्यवस्था के क्रियान्वयन की व्यापक समीक्षा कराने का आग्रह किया, ताकि इन सार्वजनिक स्थानों पर आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।उन्होंने व्यावसायिक और भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री के समय की व्यावहारिक समीक्षा करने तथा भविष्य में व्यावसायिक वाहनों के लिए अलग ट्रैफिक कॉरिडोर विकसित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उनके अनुसार, इससे पूर्वी सिंहभूम के विभिन्न औद्योगिक संयंत्रों तक कच्चे माल और तैयार उत्पादों की आवाजाही आसान होगी। साथ ही ट्रांसपोर्टरों को समय पर सामग्री पहुंचाने में सुविधा मिलेगी।

ग्रामीण इलाकों में गैर-लाभकारी अस्पताल स्थापित करने का प्रस्ताव

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर कुणाल षाड़ंगी ने टाटा समूह के चेयरमैन नोएल टाटा की ओर से देशभर में 40-50 गैर-लाभकारी अस्पताल स्थापित करने की सोच का उल्लेख किया। उन्होंने आग्रह किया कि इस पहल के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए भी एक गैर-लाभकारी (Not-for-Profit) जनरल अस्पताल स्थापित किया जाए।उन्होंने सुझाव दिया कि अस्पताल में सक्षम लोगों की भुगतान क्षमता से प्राप्त राशि का उपयोग जरूरतमंद मरीजों के इलाज के लिए अनुदान के रूप में किया जा सके। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

धालभूमगढ़ एयरपोर्ट निर्माण में टाटा समूह से सहयोग की अपील

धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना पर चर्चा करते हुए कुणाल षाड़ंगी ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से पूछे गए 19 पर्यावरणीय और वन्यजीव संबंधी सवालों के जवाब स्टेज-1 क्लियरेंस के लिए केंद्र सरकार को भेज दिए गए हैं।उन्होंने टाटा समूह से धालभूमगढ़ में एयरपोर्ट निर्माण की दिशा में सहयोग करने का आग्रह किया। उनका कहना है कि एयरपोर्ट बनने से पूर्वी सिंहभूम की हवाई कनेक्टिविटी बेहतर होगी और व्यापार, पर्यटन तथा औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

शहर से बाहर औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति के विकल्प पर चर्चा

इसके अलावा सरायकेला जिले की तर्ज पर पूर्वी सिंहभूम में भी जमशेदपुर शहर से बाहर उद्योगों के लिए चिह्नित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति के वैकल्पिक इंतजाम पर चर्चा हुई। प्रस्ताव के तहत उद्योग लगाने वाले निवेशकों को झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के साथ-साथ टाटा पावर या जुस्को के माध्यम से भी बिजली आपूर्ति का विकल्प उपलब्ध कराने की पहल करने की बात रखी गई।

औद्योगिक निवेश को लेकर राज्य सरकार प्रतिबद्ध : कुणाल षाड़ंगी

कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार राज्य में उद्योगों की स्थापना और विस्तार को लेकर प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि टाटा समूह की ओर से नागरिक सुविधाओं और विकास से जुड़ी हर अच्छी पहल में सकारात्मक सहयोग के लिए राज्य सरकार सदैव तैयार है।इस मुलाकात में जमशेदपुर और पूर्वी सिंहभूम के विकास से जुड़े बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, परिवहन, हवाई कनेक्टिविटी और औद्योगिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के प्रस्ताव टाटा प्रबंधन के समक्ष रखे गए।

More From Author

जमशेदपुर में 201 छठव्रतियों के बीच पूजन सामग्री का वितरण, डॉ. अनीता शर्मा ने भी बढ़ाया सहयोग का हाथ

बाबा वैद्यनाथ सेवा संघ ने छठव्रतियों के बीच बांटी पूजन सामग्री और फल, हजारों श्रद्धालुओं ने उठाया लाभ