Views: 0
आदित्यपुर: लोक आस्था का महापर्व छठ सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हो गया। चार दिवसीय महापर्व के अंतिम दिन आदित्यपुर के मांझीटोला छठ घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही छठ व्रती पारंपरिक वेशभूषा में बहंगी और दउरा लेकर घाट पहुंचने लगे थे।
36 घंटे के निर्जला उपवास के बाद व्रतियों ने दिया अर्घ्य
36 घंटे का निर्जला उपवास रखने वाली व्रतियों ने पारंपरिक छठ गीत गाते हुए घाट पहुंचकर भगवान सूर्य की आराधना की। कई श्रद्धालु दंडवत करते हुए भी घाट पहुंचे। उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रतियों ने चार दिवसीय छठ महापर्व का अंतिम अनुष्ठान पूरा किया।
छठ घाट पर की गई विशेष सजावट, सुरक्षा में तैनात रहे पुलिस जवान
श्री श्री मांझीटोला छठ घाट समिति की ओर से घाट पर विशेष सजावट की गई थी। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस के जवान घाट पर मौजूद रहे। वहीं, विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से श्रद्धालुओं के बीच गंगाजल, दूध और फूल का वितरण किया गया।उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही मांझीटोला छठ घाट पर चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन हो गया।
